एनसीसी शिविर में राष्ट्रसेवा और अनुशासन का दिया संदेश

वाराणसी। 100 यूपी बटालियन एनसीसी के तत्वावधान में बच्छाव स्थित सनबीम सनसिटी विद्यालय परिसर में आयोजित संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर-311 का मंगलवार को औपचारिक शुभारंभ राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। शिविर के दूसरे दिन आयोजित उद्घाटन समारोह में अधिकारियों एवं कैडेटों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैंप कमांडेंट लेफ्टिनेंट कर्नल राकेश रोशन ने कहा कि एनसीसी का उद्देश्य राष्ट्र के लिए अनुशासित, कर्तव्यनिष्ठ एवं नेतृत्व क्षमता से परिपूर्ण युवाओं का निर्माण करना है। उन्होंने कहा कि एनसीसी युवाओं के व्यक्तित्व विकास का सशक्त माध्यम है, जो उनमें आत्मविश्वास, साहस, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करती है। उन्होंने कैडेटों से शिविर के प्रत्येक प्रशिक्षण सत्र को गंभीरता और समर्पण के साथ ग्रहण करने का आह्वान किया।

डिप्टी कैंप कमांडेंट संजेश राय ने अनुशासन को सफलता की सबसे बड़ी कुंजी बताते हुए कहा कि एक अनुशासित व्यक्ति ही अपने लक्ष्य को प्राप्त कर समाज और राष्ट्र के लिए आदर्श बन सकता है। उन्होंने कैडेटों को शिविर की दिनचर्या एवं नियमों का निष्ठापूर्वक पालन करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर पूर्व एनसीसी अधिकारी मेजर (डॉ.) अरविंद कुमार सिंह ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कैडेटों को राष्ट्रसेवा, आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और कठिन परिश्रम के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि दृढ़ इच्छाशक्ति और समर्पण ही सफलता का वास्तविक आधार है। साथ ही उन्होंने बताया कि शिविर के दौरान कैडेटों की प्रत्येक गतिविधि का सूक्ष्म निरीक्षण कर उन्हें उनकी क्षमता के अनुरूप प्रशिक्षण और मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।

कार्यक्रम में पूर्व एनसीसी अधिकारी मेजर (डॉ.) अरविंद कुमार सिंह को सौंवी बटालियन द्वारा सम्मानित भी किया गया। इस दौरान एनसीसी अधिकारी देवनारायण सिंह, उषा बालचंदानी, मयंक सिंह, भीमशंकर मिश्रा, सुनील कुमार, राजकुमार जायसवाल एवं गिरीश गोधानी सहित पीआई स्टाफ और प्रशिक्षकगण उपस्थित रहे। शिविर 25 मई से 3 जून तक चलेगा, जिसमें 533 कैडेट्स भाग ले रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *