ग्राम पंचायत सचिव को निलम्बित कर, ग्राम प्रधान के प्रशासनिक अधिकार को सीज करने का निर्देश

वाराणसी। जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में निराश्रित गोवंशों के संरक्षण को लेकर जनपद में संचालित गौशालाओं में हरा चारा, भूसा, पशु आहार, स्वच्छ पेयजल, शेड, बीमार पशुओं को उचित देखभाल इत्यादि सुविधाओं के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि सभी गो आश्रय स्थलों पर गोवंशों हेतु पर्याप्त मात्रा में पशु आहार, भूसा व हरा चारा की उपलब्धता सुनिश्चित किया जाए साथ ही वहां पर वर्तमान मौसम के दृष्टिगत गोवंशों की सुरक्षा हेतु समस्त औपचारिकताओं को ससमय पूर्ण करने को कहा। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि समस्त नोडल अधिकारी, बीडीओ व पशु चिकित्सक प्रत्येक गौशाला का नियमित निरीक्षण करें।

जिलाधिकारी ने समस्त संबंधित को निर्देशित करते हुए कहा कि गोवंशों हेतु पीने का स्वच्छ पानी एवं छांव की उचित व्यवस्था रहे। उन्होंने कहा कि निराश्रित गोवंशों के संरक्षण को लेकर मुख्यमंत्री एवं शासन स्तर से लगातार समीक्षा की जा रही है तथा इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में बृहद गौ-संरक्षण केन्द्र, भिटकुरी, सेवापुरी का सही ढंग से संचालन न किए जाने के कारण काफी अप्रसन्नता व्यक्त की गयी। सम्बन्धित ग्राम पंचायत सचिव को निलम्बित करने तथा ग्राम प्रधान के प्रशासनिक अधिकार को सीज करने के लिए खंड विकास अधिकारी सेवापुरी एवं जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देश दिए गए। ग्राम सत्तनपुर में निर्माणाधीन बृहद गोवंश आश्रय स्थल को घटिया सामग्री तथा मानक के अनुरूप कार्य न किए जाने के कारण प्रोजेक्ट मैनेजर के निलम्बन की कार्यवाही के साथ-साथ सम्बन्धित ठेकेदार तथा प्रोजेक्ट मैनेजर के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश मुख्य विकास अधिकारी को दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *