
वाराणसी।अंतर विश्वविद्यालय अध्यापक शिक्षा केंद्र (आईयूसीटीई), वाराणसी में “फ्रॉम डेटा टू इनसाइट्स: स्टैटिस्टिकल एनालिसिस विद फ्री एंड एआई-ड्रिवन टूल्स” विषय पर आयोजित छह दिवसीय शॉर्ट टर्म कार्यक्रम के तृतीय दिवस के विभिन्न शैक्षणिक सत्र सफलतापूर्वक सम्पन्न हुए।
कार्यक्रम में देशभर से आए प्रतिभागियों ने सांख्यिकीय विश्लेषण, डेटा विज़ुअलाइज़ेशन तथा आधुनिक शोध उपकरणों से संबंधित विषयों पर सक्रिय सहभागिता की।
प्रथम सत्र में प्रो. गौतम बंद्योपाध्याय, पूर्व प्रोफेसर, प्रबंधन अध्ययन विभाग, राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान, दुर्गापुर ने “डिस्क्रिप्टिव एनालिटिक्स यूज़िंग एक्सेल” विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने एक्सेल के माध्यम से डेटा के वर्णनात्मक विश्लेषण की विभिन्न तकनीकों को सरल एवं व्यवहारिक उदाहरणों द्वारा समझाया। उन्होंने बताया कि डेटा विश्लेषण के माध्यम से शोध कार्यों में सटीक निष्कर्ष प्राप्त किए जा सकते हैं। द्वितीय सत्र में उन्होंने “विज़ुअलाइज़ेशन एंड डैशबोर्डिंग” विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए। इस सत्र में प्रतिभागियों को डेटा को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने हेतु विभिन्न ग्राफ़, चार्ट तथा डैशबोर्ड तैयार करने की विधियों से अवगत कराया गया।
उन्होंने कहा कि डेटा विज़ुअलाइज़ेशन निर्णय प्रक्रिया को अधिक स्पष्ट एवं प्रभावी बनाता है।
तृतीय सत्र में श्री हितेश सोलंकी, वैज्ञानिक-डी, इन्फ्लिबनेट केंद्र, गांधीनगर ने “जैमोवी : वन-सैम्पल टेस्ट्स” विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने प्रतिभागियों को जैमोवी सॉफ्टवेयर के माध्यम से सांख्यिकीय परीक्षणों की मूलभूत प्रक्रियाओं की जानकारी दी तथा शोध में इसके उपयोग की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। अंतिम सत्र में श्री हितेश सोलंकी ने “जैमोवी : टू-सैम्पल टेस्ट्स” विषय पर प्रशिक्षण प्रदान किया। उन्होंने विभिन्न प्रकार के तुलनात्मक परीक्षणों की प्रक्रिया को व्यावहारिक रूप से समझाते हुए बताया कि यह तकनीक शोधकर्ताओं को डेटा आधारित वैज्ञानिक निष्कर्ष निकालने में अत्यंत सहायक है।
इस छह दिवसीय कार्यक्रम में महाराष्ट्र, केरल, राजस्थान, हरियाणा, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, बिहार, दिल्ली, गुजरात तथा उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से 37 से अधिक प्रतिभागी सहभागिता कर रहे हैं। कार्यक्रम का संयोजन डॉ. दीप्ति गुप्ता, सहायक प्राध्यापक, आईयूसीटीई तथा सह-संयोजन श्री सी. डी. राणा, सहायक पुस्तकालयाध्यक्ष, आईयूसीटीई द्वारा किया जा रहा है।









Leave a Reply