
वाराणसी। माध्यमिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश द्वारा संचालित हाईस्कूल एवं इण्टरमीडिएट परीक्षा-2026 में जनपद वाराणसी के छात्र-छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जनपद का गौरव बढ़ाया है।
हाईस्कूल परीक्षा में जनपद के कुल 46,315 छात्र-छात्राएं पंजीकृत थे, जिनमें से 44,177 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए। इनमें 40,417 छात्र-छात्राएं सफल रहे तथा जनपद का कुल परीक्षा परिणाम 91.49 प्रतिशत रहा।
इण्टरमीडिएट परीक्षा में कुल 45,919 छात्र-छात्राएं पंजीकृत थे, जिनमें से 44,186 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए। इनमें 35,090 छात्र-छात्राएं सफल रहे तथा जनपद का परीक्षा परिणाम 79.41 प्रतिशत रहा।
हाईस्कूल परीक्षा में पी.एम. श्री राजकीय क्वींस इण्टर कॉलेज, वाराणसी के छात्र सूर्यदीप प्रजापति ने प्रदेश की मेरिट सूची में छठवाँ स्थान प्राप्त कर जनपद का नाम रोशन किया। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर उन्हें माननीय मुख्यमंत्री जी द्वारा लोक भवन, लखनऊ में आयोजित समारोह में सम्मानित किया गया।
जनपद स्तरीय हाईस्कूल मेरिट सूची में मानसी यादव एवं अंशिका यादव ने संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान, शिवम कुमार ने तृतीय स्थान, आराध्या बरनवाल ने चतुर्थ स्थान, अमन मौर्य ने पंचम स्थान, आंचल पटेल ने षष्ठम स्थान तथा प्रियांशु यादव, प्रिंस पाल एवं आरती विश्वकर्मा ने संयुक्त रूप से सप्तम स्थान प्राप्त किया। सीबीएसई बोर्ड इण्टरमीडिएट परीक्षा में अदिति सिंह ने राज्य स्तर पर तृतीय स्थान तथा राम तिवारी ने चतुर्थ स्थान प्राप्त कर जनपद का गौरव बढ़ाया। दोनों मेधावी छात्र-छात्राएं संत अतुलानन्द कॉन्वेंट स्कूल, कोइराजपुर, वाराणसी एवं संत अतुलानन्द आवासीय अकादमी, शिवपुर, वाराणसी से संबंधित हैं। यूपी बोर्ड इण्टरमीडिएट परीक्षा-2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जनपद के 10 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। इनमें साक्षी, वैशाली मौर्य, रितु वर्मा, अंजलि प्रजापति, अरुण वर्मा, आयुषी सिंह, करिश्मा राय, शिव सिंह, सावन एवं नेहा यादव शामिल हैं। मेधावी छात्र सम्मान समारोह का आयोजन सर्किट हाउस में किया गया, जिसमें मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति-पत्र, मेडल एवं ₹21,000 का चेक प्रदान किया गया। सम्मानित छात्र-छात्राओं के बैंक खातों में निर्धारित धनराशि का अंतरण भी कर दिया गया। राज्य स्तर पर चयनित मेधावी छात्र-छात्राओं को माननीय मुख्यमंत्री जी द्वारा लोक भवन, लखनऊ में आयोजित समारोह में प्रशस्ति-पत्र, मेडल, टैबलेट एवं ₹1,00,000 का चेक प्रदान किया गया। सर्किट हाउस में आयोजित सम्मान समारोह में राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, माननीय जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पूनम मौर्य, विधायक पिंडरा डॉ. अवधेश सिंह, भारतीय जनता पार्टी के महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार, संयुक्त शिक्षा निदेशक, वाराणसी मण्डल, वाराणसी दिनेश सिंह तथा जिला विद्यालय निरीक्षक, वाराणसी भोलेंद्र प्रताप सिंह सहित अनेक गणमान्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
जनपद वाराणसी के मेधावी छात्र-छात्राओं की इस उत्कृष्ट सफलता पर शिक्षा विभाग ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।











Leave a Reply