दक्षिणमुखी हनुमान जी का हुआ भव्य श्रृंगार,भक्तों ने मांगा आशीर्वाद

वाराणसी।नरहरिपुरा स्थित पातालपुरी मठ में सांस्कृतिक पुरुष स्व. बाबू उमाशंकर सिंह की प्रेरणा से प्रारम्भ प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी हनुमत् जयन्ती के अवसर पर गोस्वामी तुलसीदास जी द्वारा स्थापित प्राचीन दक्षिणमुखी हनुमानजी का शनिवार को भव्य श्रृंगार हुआ।

 

 

इससे पूर्व दक्षिणमुखी हनुमान जी का परम्परा अनुसार सिन्दूर लेपन कर नवीन वस्त्र धारण कराया गया। तुलसी, दौना, गेंदा, गुलाब आदि फूलों के मालाओं से भव्य श्रृंगार किया गया। भोग अर्पण व आरती के बाद मन्दिर के पट खोल दिये गये।

 

तदोपरान्त हनुमान चालीसा का पाठ, बजरंग बाण, हनुमान साटिका पाठ तथा भजन-कीर्तन किया गया।

 

हनुमानजी के साथ ही मठ के अन्दर स्थापित श्रीराम-जानकी -लक्ष्मण, कृष्ण-राधा, विष्णु-लक्ष्मी आदि देव विग्रहों का भी भव्य श्रृंगार किया गया था।

 

इस अवसर पर भक्तों ने मत्था टेक कर अंजनीपुत्र से सुख और समृद्धि का आशीर्वाद मांगा। पूरे दिन बजरंगबली के उद्घोष से मन्दिर परिसर गूंजायमान रहा। इस अवसर पर भक्तों को बेशन व बुंदी के लड्डू व भूने चने का प्रसाद वितरित किया गया। दर्शन का क्रम देर रात तक चलता रहा।

 

इस अवसर पर मुख्य रूप से पातालपुरी पीठाधीश्वर जगद्गुरु बालकदेवाचार्य, मुख्य यजमान समाजसेवी रविशंकर सिंह, राणाप्रताप सिंह, शिवाजी सिंह, हिमांशु सिंह सपरिवार उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *