विश्व पर्यावरण दिवस पर रमना पीएचसी की अनूठी पहल, 500 पौधों का वृहद वृक्षारोपण

वाराणसी। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर रमना प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में राजकीय चिकित्सा अधिकारी एवं प्रख्यात सीपीआर विशेषज्ञ डॉ. शिवशक्ति प्रसाद द्विवेदी के नेतृत्व में 500 पौधों का वृहद वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य कर्मियों, कर्मचारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

 

इस अवसर पर डॉ. द्विवेदी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि जनस्वास्थ्य की अनिवार्य आवश्यकता है। बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन एवं हीटवेव जैसी चुनौतियों के बीच वृक्षारोपण स्वस्थ एवं सुरक्षित भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि वृक्ष स्वच्छ वायु, शुद्ध पर्यावरण एवं बेहतर स्वास्थ्य के आधार हैं तथा प्रत्येक नागरिक को इनके संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

 

अभियान के दौरान नीम, पीपल, आंवला एवं अशोक सहित विभिन्न औषधीय एवं पर्यावरणीय दृष्टि से महत्वपूर्ण प्रजातियों के पौधे लगाए गए। उपस्थित सभी लोगों ने पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल का संकल्प भी लिया।

 

यह वृक्षारोपण अभियान स्वास्थ्य विभाग की पर्यावरण संरक्षण, जनजागरूकता एवं स्वस्थ समाज के निर्माण के प्रति प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *