
वाराणसी। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अजय कुमार विश्वेश की अध्यक्षता में शुक्रवार को उनके विश्राम कक्ष में 2 से 8 अक्टूबर तक जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से स्वच्छता व जागरूकता अभियान के रूप में साप्ताहिक कार्यक्रम को सफल बनाने जाने हेतु गठित समिति की बैठक हुई।
जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा तहसील व ब्लॉक स्तर पर प्राथमिक विद्यालयों, माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों तथा महाविद्यालयों द्वारा जनपद के आमजन के मध्य स्वच्छता के महत्व का प्रचार प्रसार करने एवं जागरूकता हेतु 2 अक्टूबर को प्रभात फेरी निकालना एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने हेतु निर्देशित किया गया। यह भी बताया गया कि जनपद के समस्त विद्यालय में स्वच्छता के महत्व के संबंध में निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। विद्यालय द्वारा अपने विद्यालय की तीन-तीन उत्कृष्ट निबंध एवं चित्रकला प्रविष्टियां, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण वाराणसी को 5 अक्टूबर तक प्रेषित कर दी जाएंगी तथा दोनों संवर्गों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली उत्कृष्ट प्रथम द्वितीय एवं तृतीय प्रविष्टियों को जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्षता में गठित निर्णायक मंडल द्वारा पुरस्कृत किए जाने हेतु नामित किया जाएगा। यह जानकारी विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव/अपर जिला जज व निर्णायक मंडल के सदस्य विजय कुमार विश्वकर्मा द्वारा दी गई।
बैठक में स्वच्छता जागरूकता अभियान के अंतर्गत गठित समिति के सदस्य जिलाधिकारी के प्रतिनिधि के रूप मे एडीएम सिटी तथा पुलिस अधीक्षक, जिला सूचना अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षा अधिकारी उपस्थित रहे।
