लालसा इंटरनेशनल स्कूल, हर्षोल्लास से मनाया गया शिक्षक दिवस

रिपोर्ट पियुष कांत राय

 

गाजीपुर। लालसा इंटरनेशनल स्कूल, रायपुर में शिक्षक दिवस हर्षोल्लास और आत्मीयता के साथ मनाया गया।

विद्यार्थियों ने अपनी कक्षाओं को आकर्षक ढंग से सजाकर शिक्षकों का स्वागत किया तथा स्वयं बनाए ग्रीटिंग कार्ड, शुभकामना संदेश और विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से उनके प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की।

कार्यक्रम में कक्षा 8 से 12 तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने शिक्षक-शिष्य के बीच सम्मान, विश्वास और स्नेह के रिश्ते को जीवंत कर दिया।

इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन अजय कुमार यादव ने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा – “एक शिक्षक केवल किताबों का ज्ञान नहीं देता, वह विद्यार्थी के चरित्र, सोच और सपनों को आकार देता है। शिक्षक का सच्चा सम्मान फूल या कार्ड से नहीं, बल्कि उनके दिए संस्कारों को जीवन में उतारकर किया जाता है।” उन्होंने कहा कि बच्चे के जीवन के प्रथम शिक्षक माता-पिता होते हैं, जबकि विद्यालय के शिक्षक उसके ज्ञान और प्रतिभा को सही दिशा देते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से माता-पिता एवं सभी शिक्षकों का सदैव सम्मान करने और उनके मार्गदर्शन को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

प्रधानाचार्या सुनीता सिंह ने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के चरित्र और भविष्य के निर्माता होते हैं। उन्होंने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके समर्पण और योगदान की सराहना की।

चेयरमैन श्री यादव ने लालसा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के सभी शिक्षकों को नमन करते हुए कहा कि उनके समर्पण से तैयार होने वाली पीढ़ी ही समाज और राष्ट्र के भविष्य को मजबूत आधार प्रदान करेगी। कार्यक्रम का समापन शिक्षकों के प्रति सम्मान, आभार और कृतज्ञता के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *