
संपूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय में 9वें राष्ट्रीय पोषण माह के तहत जागरूकता संगोष्ठी आयोजित
वाराणसी। सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय में 9वें राष्ट्रीय पोषण माह-2026 के अंतर्गत बुधवार को पोषण जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कौशल विकास की निदेशिका एवं संकायाध्यक्ष प्रो. विधु द्विवेदी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में मातृ-शिशु पोषण, संतुलित जीवनशैली तथा सामुदायिक सहभागिता के महत्व पर विचार-विमर्श हुआ।
अध्यक्षीय उद्बोधन में प्रो. विधु द्विवेदी ने कहा कि स्वस्थ माताएं और बच्चे ही स्वस्थ समाज एवं सशक्त राष्ट्र की आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि पारंपरिक भारतीय आहार पद्धति, स्थानीय एवं मौसमी खाद्य पदार्थों तथा श्रीअन्न (मोटे अनाज) को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर पोषण संबंधी समस्याओं से प्रभावी ढंग से निपटा जा सकता है। पोषण को उन्होंने केवल व्यक्ति का विषय न मानकर परिवार और समाज की सामूहिक जिम्मेदारी बताया।
संगोष्ठी में आहार विविधता, स्वच्छता, संतुलित खान-पान तथा मातृ-शिशु के समग्र पोषण पर वक्ताओं ने विचार रखे। कार्यक्रम में उपस्थित संकाय सदस्यों, अधिकारियों, शोधार्थियों एवं छात्र-छात्राओं ने प्रो. विधु द्विवेदी के नेतृत्व में कुपोषण मुक्त समाज के निर्माण एवं पोषण जागरूकता के प्रसार की शपथ ली।
इस अवसर पर छात्राओं द्वारा तैयार किए गए पौष्टिक व्यंजनों का प्रदर्शन भी किया गया। उत्कृष्ट सहभागिता के लिए निधि गुप्ता, वसुंधरा, रेखा, बिंदु तिवारी एवं नैनी चौरसिया को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के विनयाधिकारी (प्रॉक्टर)प्रो जितेन्द्र कुमार,प्रो. हीरक कान्ति चक्रवर्ती, प्रो शैलेश कुमार मिश्र आदि शिक्षकगण, शोधार्थी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply