
वाराणसी। शिवपुर की 33 दिवसीय प्राचीन श्रीरामलीला के दूसरे दिन रविवार को श्रीराम जन्म की लीला का भावपूर्ण मंचन किया गया। श्रीरामचरितमानस की चौपाइयों और दोहों के बीच जैसे ही प्रभु श्रीराम के जन्म का प्रसंग मंचित हुआ, पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। राम जन्म के दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालु भावविभोर हो गए।
लीला के दौरान माता कौशल्या ने प्रभु श्रीराम की स्तुति करते हुए कहा— “भए प्रगट कृपाला, दीन दयाला, कौशल्या हितकारी…”। स्तुति के बीच भगवान विष्णु ने श्रीराम के रूप में धरती पर अवतार लिया। प्रभु के बाल रूप के दर्शन होते ही अयोध्या में हर्ष और उल्लास छा गया। श्रीराम सहित चारों भाइयों के जन्म की खुशी में श्रद्धालुओं ने जयकारे लगाए।
राम जन्म की लीला के दौरान मंचन, संवाद और मानस की चौपाइयों ने दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया। पूरे लीला स्थल पर भक्ति और उत्सव का माहौल बना रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर प्रभु श्रीराम के जन्म प्रसंग का दर्शन किया।
इस अवसर पर रामलीला समिति के अध्यक्ष अतुलेश उपाध्याय, मंत्री त्रिलोकी नाथ सेठ, विकास कुमार, आरएन सिंह, व्यास उदय मिश्र सहित समिति के पदाधिकारी, कलाकार और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

Leave a Reply