
नारद मोह प्रसंग देख भावविभोर हुए श्रद्धालु
वाराणसी। भोजूबीर क्षेत्र में प्रसिद्ध रामलीला का शुभारंभ सोमवार को पारंपरिक हर्षोल्लास और धार्मिक वातावरण के बीच हुआ। प्रथम दिन की लीला की शुरुआत गणेश वंदना और मनमोहक शंकर स्तुति के साथ हुई, जिसके बाद कलाकारों ने नारद मोह प्रसंग का अत्यंत जीवंत एवं भव्य मंचन किया।
लीला के दौरान भगवान शंकर द्वारा माता पार्वती को रामावतार की महिमा और कथा सुनाने के दृश्य को दर्शकों ने खूब सराहा। इसमें भगवान शंकर की भूमिका में श्री जोगेंदर सिंह ने अपनी गंभीर संवाद अदायगी से छाप छोड़ी, वहीं माता पार्वती के रूप में श्री गणेश जी के अभिनय को भी खूब सराहना मिली।
प्रसंग के अगले चरण में नारद मोह की लीला का भावपूर्ण प्रदर्शन किया गया। तपस्या के अहंकार में डूबे देवर्षि नारद के अभिमान को तोड़ने के लिए भगवान श्रीहरि द्वारा रचित मायावी स्वयंवर के दृश्य को कलाकारों ने बहुत ही सुंदर ढंग से प्रस्तुत किया। नारद जी की भूमिका निभा रहे श्री रामचंद्र प्रजापति ने अपने जीवंत अभिनय से समूचे पंडाल को तालियों की गड़गड़ाहट से गुंजायमान कर दिया। लीला देखने के लिए स्थानीय श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Leave a Reply