
साढ़े चार लाख नकदी व आभूषण समेत सामान चोरी
वाराणसी। शिवपुर रेलवे क्रासिंग के पास सोमवार की रात चोरों ने दो दुकानों को निशाना बनाया। दोनों दुकानों की पीछे की दीवार में सेंध लगाकर चोर नकदी और सामान लेकर फरार हो गए। मंगलवार सुबह घटना की जानकारी होने पर दुकानदारों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
रेलवे क्रासिंग स्थित अजय मेडिकल्स के संचालक अजय कुमार वर्मा के अनुसार, चोरों ने दुकान के पीछे रेलवे ट्रैक की ओर से दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश किया। मंगलवार सुबह करीब पांच बजे बगल के चाय दुकानदार ने फोन कर चोरी की जानकारी दी। अजय के मुताबिक, दुकान में टीन के बॉक्स में रखे करीब साढ़े चार लाख रुपये नकद, चार सोने की चेन और तीन सोने की अंगूठियां चोरी हुई हैं।
अजय ने बताया कि वह भवानीपुर में किराये के मकान में रहते हैं। पूर्व में घर में चोरी होने के कारण सुरक्षा की दृष्टि से उन्होंने नकदी और आभूषण दुकान में रखे थे। घटना के संबंध में उन्होंने शिवपुर थाने में तहरीर देकर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।
वहीं, अजय मेडिकल्स से सटी चाय की दुकान में भी चोरों ने सेंध लगाई। दुकान संचालक राहुल पटेल ने बताया कि वह सोमवार रात करीब 10 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। मंगलवार सुबह करीब चार बजे दुकान खोलने पहुंचे तो पीछे की दीवार टूटी मिली। दुकान से करीब तीन हजार रुपये का गुटखा-सिगरेट और 500 रुपये नकद चोरी हुआ है।
एक ही रात रेलवे क्रासिंग के आसपास दो दुकानों में सेंधमारी से दुकानदारों में भय व्याप्त है। पुलिस दोनों घटनाओं की जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

Leave a Reply