नोडल अधिकारी ने विकास कार्यों की समीक्षा बैठक किया

फ़ैमिली आईडी कार्य की प्रगति शत-प्रतिशत सुनिश्चित कराने का दिया निर्देश

 

वाराणसी। सचिव नियोजन तथा महानिदेशक अर्थ एवं संख्या, उत्तर प्रदेश/जिले के नोडल अधिकारी डॉ राजशेखर की अध्यक्षता में मंगलवार को सर्किट हाउस सभागार में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर आधारित विकास कार्यों की समीक्षा बैठक हुई। इसमें जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, समयबद्ध लक्ष्यपूर्ति एवं विकास परियोजनाओं के भौतिक प्रगति की ग्रेडिंग एवं रैंकिंग के आधार पर विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने विभिन्न विभागों के प्रदर्शन का मूल्यांकन करते हुए स्पष्ट कहा कि अपेक्षित ग्रेडिंग और रैंकिंग हासिल करने के लिए सभी अधिकारी व्यक्तिगत रुचि लेकर कार्य करें।

डॉ राजशेखर ने बी, सी और डी श्रेणी की परियोजनाओ/कार्यकर्मों के संबंध में संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली। उनके द्वारा बी श्रेणी में शामिल जल जीवन मिशन (ग्रामीण), फ़ैमिली आईडी, पाँचवाँ राज्य वित्त आयोग ग्राम पंचायत, प्रोजेक्ट अलंकार, नई सड़कों का निर्माण, सीएम सामूहिक विवाह योजना, सी श्रेणी की जननी सुरक्षा योजना, आईसीडीएस पोषण अभियान, डी श्रेणी की सीएमआईएस-निर्माण कार्य आदि योजनाओं चर्चा की गई। उन्होंने हर घर नल जल योजना के सभी कार्यों को माइक्रोप्लान तैयार कर अपेक्षित प्रगति लाते हुए निर्धारित समय सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने जल जीवन मिशन के तहत फंक्शनल household Tap Connection (कार्यात्मक घरेलू नल कनेक्शन) महीनेवार आंकड़े पोर्टल पर अपडेट कराने के निर्देश दिए। फ़ैमिली आईडी प्रगति 88% पाई गई, उन्होंने शत-प्रतिशत प्रगति सुनिश्चित लाने के निर्देश दिए। उन्होंने सीएम सामूहिक विवाह योजना की समस्त तैयारियां पूरी कर ली जाएँ और मुहूर्त में शत प्रतिशत लक्ष्य पूरा करा लिया जाए। उन्होंने जननी सुरक्षा योजना में समयान्तर्गत शत-प्रतिशत भुगतान सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने बारिश में क्षतिग्रस्त हुई सड़कों को गड्ढामुक्ति का कार्य तेजी से कराने के निर्देश दिए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग (निर्माण व प्रांतीय खंड) के तहत निर्माणाधीन नई सड़कों के निर्माण/चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग सड़कों का चिह्नांकन करके 01 अक्टूबर से अभियान चलाकर पैच वर्क या विशेष मरम्मत कार्यों को पूर्ण करायें। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को भी चिह्नित सड़कों के पैचवर्क/विशेष मरम्मत के कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि निर्माणाधीन परियोजनाओं की भौतिक और वित्तीय प्रगति समयबद्ध तरीके से सीएमआइएस पोर्टल पर अपडेट करायें, ताकि अद्यतन आँकड़े पोर्टल पर परिलक्षित हो। उन्होंने दिसम्बर तक विभिन्न विभागों की परियोजनाओं के निर्माण कार्यों को पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

बैठक में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह सहित सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *