जिलाधिकारी ने ईवीएम वेयर हाउस का किया आंतरिक त्रैमासिक निरीक्षण

वाराणसी। जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने आज ईवीएम वेयर हाउस सदर का आंतरिक त्रैमासिक निरीक्षण कर निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों के सुरक्षित रख-रखाव, सुरक्षा व्यवस्था तथा वेयर हाउस की व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से ईवीएम/वीवीपैट के रख-रखाव एवं सुरक्षा प्रोटोकॉल के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देशित किया कि निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों एवं प्रोटोकॉल का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए। वेयर हाउस में प्रवेश-निकास व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, सुरक्षा व्यवस्था तथा अभिलेखों के रख-रखाव की भी जांच की गई।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। संबंधित अधिकारी नियमित रूप से व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए आवश्यक अभिलेखों को अद्यतन रखें। उन्होंने वेयर हाउस की साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को भी बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।

इस दौरान भाजपा, कांग्रेस, बसपा, सपा, आम आदमी पार्टी एवं अपना दल के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *