प्राथमिक विद्यालय चांदपुर, चिरईगांव ब्लॉक में पीएनबी द्वारा ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के अंतर्गत छात्र उद्बोधन एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम

वाराणसी। पंजाब नैशनल बैंक, अंचल कार्यालय द्वारा ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के अंतर्गत अंचल प्रबंधक श्री दीपक सिंह के मार्गदर्शन व प्राथमिक विद्यालय चांदपुर प्रभारी प्रधानाध्यापिका श्रीमती कल्पना तिवारी, चिरईगांव ब्लॉक, वाराणसी में छात्र उद्बोधन कार्यक्रम एवं वृक्षारोपण का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना था।

कार्यक्रम में पंजाब नैशनल बैंक की ओर से मुख्य प्रबंधक श्रीमती शालिनी कृष्णम् एवं उनकी टीम ने विद्यालय के छात्र-छात्राओं को संबोधित किया।

उन्होंने अंचल प्रबंधक महोदय के स्वच्छता संदेश को विद्यार्थियों तक पहुंचाया। उन्होंने विद्यार्थियों को व्यक्तिगत स्वच्छता के साथ-साथ अपने विद्यालय, घर एवं आसपास के परिवेश को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं जिम्मेदार समाज के निर्माण के लिए प्रत्येक नागरिक की जीवनशैली का अभिन्न अंग होनी चाहिए।

विद्यालय में विद्यार्थियों के अनुशासन, व्यवहार एवं उनकी हाजिरजवाबी को देखकर श्रीमती शालिनी कृष्णम् एवं पंजाब नैशनल बैंक की पूरी टीम ने बच्चों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, सक्रिय सहभागिता एवं सीखने के प्रति उत्साह की भी सराहना की।

इस अवसर पर पंजाब नैशनल बैंक, वाराणसी क्षेत्र की ओर से विद्यालय को दीवार घड़ी भेंट की गई। छात्र-छात्राओं को पठन-पाठन सामग्री भी वितरित की गई।

विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापिका श्रीमती कल्पना तिवारी को जेड प्लांट भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही विद्यालय के सभी शिक्षक- शिक्षिकाओं का भी सम्मान किया गया। विद्यालय में कार्यरत रसोइयों को पंजाब नैशनल बैंक की ओर से टी-शर्ट प्रदान कर सम्मानित किया गया।

‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण एवं हरित परिसर के संदेश को आगे बढ़ाते हुए विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया। विद्यार्थियों को पौधों के संरक्षण तथा पर्यावरण को स्वच्छ एवं हरा-भरा बनाए रखने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूक करते हुए यह संदेश दिया गया कि स्वच्छ एवं हरित समाज के निर्माण में प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता महत्वपूर्ण है।

अंत में विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापिका श्रीमती कल्पना तिवारी ने पंजाब नैशनल बैंक की मुख्य प्रबंधक श्रीमती शालिनी कृष्णम् एवं बैंक की पूरी टीम का विद्यालय में पधारने, विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने एवं विद्यालय को सहयोग प्रदान करने के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर श्रीमती शालिनी कृष्णम् ने भी विद्यालय में निरंतर आते रहने तथा विद्यालय के विकास एवं विद्यार्थियों की शैक्षिक प्रगति में हरसंभव सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *