वृद्धाश्रम सारनाथ में धूमधाम से मनाया गया अंतरराष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस

बुजुर्ग साक्षात ईश्वर का वरदान, सेवा ही सच्ची संवेदना: आयुष मंत्री

 

 

​वाराणसी। अंतरराष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस के अवसर पर गुरुवार को सारनाथ रेलवे स्टेशन के समीप स्थित वृद्धाश्रम में एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। क्षेत्रीय पार्षद अभय पाण्डेय की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष मंत्री दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में अंतर-पीढ़ीगत जुड़ाव अभियान (इंटर-जनरेशनल कनेक्ट) की शुरुआत की गई।

​मुख्य अतिथि आयुष मंत्री डा.दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने आश्रम में निवासरत समस्त वृद्धजनों का चंदन लगाकर, फल, मिष्ठान व वस्त्र वितरित किए और पुष्प वर्षा कर उनका भावभीना अभिनंदन किया। आयुष मंत्री ने एक शेर के माध्यम से अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा— “हर आँख यहाँ यूँ तो बहुत रोती है, हर बूंद मगर अश्क नहीं होती है, देखकर रो-दे जो ज़माने का ग़म, उस आँख से आँसू भी गिरे मोती है।” उन्होंने बेसहारा बुजुर्गों के आंसुओं को पोंछने और उनके संरक्षण के लिए प्रयासरत संस्था के कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा की।

​कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित पद्मश्री डॉ. रजनीकांत ने वर्तमान परिवेश में बुजुर्गों की हो रही उपेक्षा पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि “दौलत से घर की बरकत नहीं खरीदी जा सकती, बुजुर्ग तो साक्षात ईश्वर का वरदान हैं।”

​इसके पूर्व कार्यक्रम में श्रीमती सीमा पाल द्वारा सुमधुर स्वागत गान प्रस्तुत किया गया, जबकि आश्रम के वृद्ध माता-पिता ने अपने जीवन के अनुभवों को साझा करते हुए मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।

​संस्था के संचालक व प्रबंधक धीरेंद्र कुमार ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए आश्रम की गतिविधियों, प्रवेश की पात्रता और सरकारी सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जिस पीढ़ी ने हमें संभाला, उनके कांपते हाथों को थामना ही सच्ची संवेदना है। ​कार्यक्रम में अपर जिला जज व सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सुधाकर राय, सेंट्रल जेल के वरिष्ठ अधीक्षक आर.के. मिश्रा, जिला समाज कल्याण अधिकारी गिरीश चंद्र दूबे और सीए विजय प्रकाश, समाजसेवी अंजनी सिंह, किशोर सिंह, विवेक सिंह, सरिता सर्राफ थे। मंच का संचालन डॉ. शैलेंद्र कुमार पाण्डेय ने किया तथा अंत में अधीक्षक ओमप्रकाश ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *