
वाराणसी। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर बनारस रेल इंजन कारखाना में शुक्रवार को स्वच्छता पखवाड़ा- 2026 के तहत स्वच्छता शपथ, जनजागरूकता रैली और वृहद पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित हुए। महाप्रबंधक आशुतोष पंत के नेतृत्व में प्रशासन भवन के स्वागत हॉल में अधिकारियों, कर्मचारियों, रेलवे सुरक्षा बल के जवानों, सेंट जॉन्स एंबुलेंस ब्रिगेड, नागरिक सुरक्षा संगठन, स्काउट्स-गाइड्स और छात्र-छात्राओं को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई और गांधी जी के चित्र तथा शास्त्री जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी गई। ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत अमृत कानन उद्यान में पौधारोपण कर संरक्षण का संकल्प लिया गया।
इससे पूर्व प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर विवेक शील ने गोल्फ कोर्स से स्वच्छता जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाई, जो सूर्य सरोवर, बैंक ऑफ बड़ौदा, बरेका चिकित्सालय होते हुए प्रशासन भवन पहुंची।
प्रतिभागियों ने नारों और तख्तियों से स्वच्छता का संदेश दिया।
इस अवसर पर प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर मनीष कुमार, प्रमुख मुख्य सामग्री प्रबंधक आलोक अग्रवाल, प्रधान वित्त सलाहकार मुक्तेश मित्तल, प्रमुख मुख्य इंजीनियर राम जन्म, प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी लालजी चौधरी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुनील कुमार, महानिरीक्षक देवराज कुमार मौर्य, मुख्य सतर्कता अधिकारी अंकुर चंद्रा, उप महाप्रबंधक सागर सहित बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply