वसंत कन्या महाविद्यालय में तीन दिवसीय मन मंथन जागरुकता कार्यक्रम

वाराणसी।वसंत कन्या महाविद्यालय के मनोविज्ञान विभाग के मनस्विनी क्लब द्वारा आयोजित तीन दिवसीय मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम ‘मन मंथन’ के द्वितीय दिवस में विभिन्न मनोरंजक, रचनात्मक एवं सहभागितापूर्ण गतिविधियों का आयोजन किया गया है।

 

रचनात्मक अभिव्यक्ति को बढ़ावा देने के लिए ‘रचनात्मक लेखन’ प्रतियोगिता आयोजित की गई है, जिसका विषय ‘आंतरिक शक्ति’ रखा गया है। इसमें 30 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया है और अपने विचारों तथा संवेदनात्मक दृष्टिकोण को शब्दों के माध्यम से प्रस्तुत किया है।

 

इसी क्रम में छायांकन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है, जिसका विषय ‘अदृश्य’ रखा गया है। इसके माध्यम से प्रतिभागियों ने अपने कैमरों के जरिए समाज और जीवन के उन अनछुए एवं अनदेखे पहलुओं को उजागर किया है जो प्रायः नज़रअंदाज़ हो जाते हैं।

दिवस के अगले चरण में ‘मुख चित्रकारी’ प्रतियोगिता आयोजित की गई है, जिसका विषय ‘भावनाएँ एवं अभिव्यक्ति’ रखा गया है।

 

इसमें प्रतिभागियों ने कलात्मक रंगों और प्रतीकों के माध्यम से मानवीय भावनाओं और मानसिक स्वास्थ्य को चेहरे पर खूबसूरती से चित्रित किया है।

 

इसके साथ ही परिसर में विविध प्रकार की दर्शनी एवं व्यंजन दीर्घाओं का भी आयोजन किया गया है, जो विद्यार्थियों के आकर्षण का मुख्य केंद्र रही हैं। इन दीर्घाओं के माध्यम से रचनात्मक सामग्री, खेल एवं खान-पान के जरिए मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता और परस्पर सहयोग का संदेश दिया गया है।

 

द्वितीय दिवस में मनोरंजक खेलों का भी आयोजन हुआ, जिसमें 30 से अधिक विद्यार्थियों ने ‘बालपन के खेल’ प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लिया है।

 

इस प्रतियोगिता के अंतर्गत पिट्ठू, मूक अभिनय खेल तथा कप संतुलन खेल जैसी गतिविधियों का आयोजन किया गया है, जिसने प्रतिभागियों में बचपन की स्मृतियों, स्फूर्ति और टीम भावना का संचार किया है।

 

इस प्रकार विविध उत्साहजनक गतिविधियों, रचनात्मक प्रतियोगिताओं एवं सक्रिय सहभागिता के साथ ‘मन मंथन’ के द्वितीय दिवस का सफलतापूर्वक समापन हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *