
अग्रसेन हेल्पलाइन शिविर में 152 लोगों ने लिया परामर्श
वाराणसी। युवाओं में बढ़ते हार्ट अटैक और सांस की बीमारियों को देखते हुए अब स्वास्थ्य के प्रति शुरुआती उम्र से ही सतर्कता बरतनी जरूरी हो गई है। श्री अग्रसेन जयंती समारोह के तहत श्री अग्रसेन इंटर कॉलेज में आयोजित ‘अग्रसेन मेडिकल हेल्पलाइन’ के पांचवें दिन हृदय एवं श्वसन रोग परामर्श शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें 152 लोगों ने अपनी स्वास्थ्य जांच कराई और विशेषज्ञों से सलाह ली।
शिविर में हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. विकास अग्रवाल ने मरीजों की बीपी और कोलेस्ट्रॉल रिपोर्ट का विश्लेषण करते हुए कहा कि अब 40-50 वर्ष नहीं, बल्कि 30 की उम्र पार करते ही सजग होना जरूरी है। बदलते खानपान और तनाव के कारण 30 के बाद नियमित कोलेस्ट्रॉल और ब्लड प्रेशर की जांच करानी चाहिए।
वहीं, श्वसन रोग विशेषज्ञ डॉ. मयंक अग्रवाल ने बढ़ते प्रदूषण से बचाव के लिए मास्क लगाने, पौष्टिक आहार लेने और फेफड़ों को मजबूत बनाने के लिए रोजाना प्राणायाम व मॉर्निंग वॉक की सलाह दी। शिविर की मुख्य संयोजक शशिबाला शाह ने बताया कि इस दौरान कुल 112 लोगों की मुफ्त पैथोलॉजी जांच भी की गई। शुभारंभ श्री काशी अग्रवाल समाज के सभापति संतोष कुमार अग्रवाल और मुख्य संयोजक प्रद्युम्न अग्रवाल ने दीप प्रज्वलन कर किया। आयोजकों ने बताया कि शुक्रवार को प्रातः 10 बजे से नेत्र रोग शिविर का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में अर्थ मंत्री गौरव अग्रवाल सीए, मंत्री समाज राजकिशोर चंद्र अग्रवाल, अजय कृष्ण अग्रवाल,अनिल अग्रवाल, सलिल अग्रवाल आमोद अग्रवाल, बजरंग अग्रवाल, दिव्य विभव बंसल, भूपेंद्र अग्रवाल, विनय अग्रवाल, गरिमा टकसाली, वाणी अग्रवाल, मधु अग्रवाल, वर्षा जैन, सुनीता अग्रवाल थे।

Leave a Reply