वसंत कन्या महाविद्यालय में पूर्व छात्रा मिलन समारोह, किया अनुभव साझा

वाराणसी।वसंत कन्या महाविद्यालय के इतिहास विभाग द्वारा ‘The Spirit of Vasant: Celebrating Legacies, Connecting Alumni’ विषय पर पूर्व छात्रा मिलन समारोह आयोजित किया गया।

 

कार्यक्रम का उद्देश्य पूर्व छात्राओं और वर्तमान विद्यार्थियों के बीच संवाद स्थापित करना तथा महाविद्यालय की शैक्षणिक परंपरा और विरासत से जुड़ाव को सुदृढ़ करना था।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ कुलगीत एवं महाविद्यालय की संस्थापिका एनी बेसेंट को पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ हुआ।

 

प्राचार्या प्रो. आशा यादव ने अपने संबोधन में एनी बेसेंट के शैक्षिक दर्शन, महिला शिक्षा और व्यक्तित्व निर्माण में शिक्षा की भूमिका पर प्रकाश डाला।

 

इतिहास विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. पूनम पाण्डेय ने विषय प्रस्तुति के माध्यम से एनी बेसेंट के शैक्षिक एवं सामाजिक योगदान को रेखांकित किया।

 

कार्यक्रम का संचालन डॉ. अनुजा त्रिपाठी ने एम.ए. की छात्राओं श्रद्धा एवं रिंकी के साथ किया। पैनल परिचर्चा में डॉ. प्रिया तिवारी, डॉ. ममता मौर्य और सुश्री तनुप्रिया दुबे ने महाविद्यालय से जुड़ी स्मृतियों, शैक्षणिक अनुभवों और व्यावसायिक उपलब्धियों को साझा किया।

 

इस अवसर पर संस्कृत विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. शांता चटर्जी, राजनीति विज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. रचना श्रीवास्तव, AIHC विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. नीरंजना श्रीवास्तव तथा डॉ. मंजू कुमारी की उपस्थिति रही।

 

समारोह का विशेष आकर्षण महाविद्यालय की वरिष्ठ पूर्व छात्रा श्रीमती शमा मित्तल की आभासी सहभागिता रही। कैलिफोर्निया स्थित लॉर्ड बैडेन-पॉवेल स्कूल की निदेशक श्रीमती मित्तल ने महाविद्यालय से जुड़ी अपनी स्मृतियाँ साझा कीं।

 

इस अवसर पर डॉ. स्वेता सिंह ने विभागीय प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। इसमें विभाग की शैक्षणिक एवं शोध उपलब्धियों के साथ 19 विद्यार्थियों के UGC-NET, 2 के JRF तथा 8 विद्यार्थियों के शिक्षक एवं सहायक प्राध्यापक पदों पर चयन का उल्लेख किया गया। सरजना सांस्कृतिक उत्सव में 18 पुरस्कार तथा एम.ए. (2023–25) की आधुनिक इतिहास की छात्रा प्रतिभा कुमारी द्वारा काशी हिन्दू विश्वविद्यालय का स्वर्ण पदक प्राप्त करना विभाग की प्रमुख उपलब्धियाँ रहीं।

 

पूर्व छात्राओं के अनुभवों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह को विशेष स्वरूप प्रदान किया। अंत में डॉ. शशिकेश गोंड ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। समारोह ने संस्थान और उसकी पूर्व छात्राओं के बीच आजीवन जुड़ाव, साझा स्मृतियों और पीढ़ियों के बीच संवाद की महत्ता को रेखांकित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *