
रंग में भंग ना डालें,
बितानी होगी हवालात में
वाराणसी/शिवपुर। होली एवं रमजान पर्व को सकुशल संपन्न कराने हेतु गुरुवार की शाम शिवपुर स्थित एक लान में पुलिस उच्चाधिकारियों ने वरुणापार जोन के सभी थानों और संभ्रांत नागरिकों संग बैठक की। त्योहार को सकुशल और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने हेतु अपील किया। बैठक में अपर पुलिस आयुक्त एस. चिनप्पा, पुलिस उपायुक्त वरुणाजोन श्याम नारायण सिंह, एडीएम सिटी आलोक कुमार, अपर पुलिस उपायुक्त टी सरवन, एसीपी कैन्ट विदुष सक्सेना, एसीपी सारनाथ अतुल अंजान त्रिपाठी, एसीपी रोहनिया संजीव उपाध्याय सहित वरुणापार जोन के समस्त थानाप्रभारी और अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। संचालन कर रहे एसीपी सारनाथ अतुल अंजान त्रिपाठी ने कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न क्षेत्रों से उपस्थित लोगों से उनके क्षेत्र में त्योहार के समय होने वाली समस्याओं के बारे में विस्तार से जाना और उसके निस्तारण हेतु सम्बंधित थानेदारों को निर्देशित किया। अपर पुलिस आयुक्त एस. चिनप्पा ने कहा कि कानून व्यवस्था में व्यवधान उत्पन्न कर रंग में भंग डालने वालों को किसी भी दशा में बख्शा नहीं जाएगा। शरारती एवं अराजक तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। यदि कोई अफवाह फैलाने या शांति भंग करने का प्रयास करेगा तो उसे हवालात की हवा खानी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि रमजान एवं होली के त्यौहार को भाईचारे के साथ मनाएं और जबरदस्ती किसी को रंग न लगायें, यदि किसी प्रकार की समस्या होती है तो तत्काल थाने को सूचना दें। ट्रिपल लोड बाइक, शराब पीकर गाड़ी चलाने वाले और मनचलों पर विशेष नजर पुलिस रखेगी। बैठक में उपस्थित लोगों को आदर्श आचार संहिता के नियमों की जानकारी दी गई और पालन करने हेतु कहा गया।
