
वाराणसी। पुलिस लाइन में चिल्ड्रेन पार्क, कैफेटेरिया, लाइब्रेरी और एटीएम आदि सुविधाएं विकसित होंगी। वहीं पुलिसकर्मियों के परिजनों को सप्ताह में एक दिन मूवी भी दिखाई जाएगी। पुलिसकर्मियों के देयकों, वेतन वृद्धि, टीए, मेडिकल प्रतिपूर्ति के भुगतान में बेवजह विलंब करने वाले क्लर्क निलंबित किए जाएंगे। हर सप्ताह देयकों (पुलिसकर्मियों को होने वाले भुगतान) की समीक्षा की जाएगी।
पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने शहर में शांति-व्यवस्था और अमन-चैन बनाए रखने के लिए दिन-रात निगरानी करने वाले पुलिसकर्मियों और उनके परिजनों को बेहतर सुविधाएं मुहैया कराने का निर्देश दिया।
यातायात लाइन स्थित सभागार में आयोजित सैनिक सम्मेलन में पुलिस आयुक्त व अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों की समस्याएं सुनीं। सीपी ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल समस्याओं के निस्तारण के निर्देश दिए।
सीपी की अध्यक्षता में अब नियमित अंतराल पर सैनिक सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा, ताकि जवानों की समस्याओं का समयबद्ध व सही तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके।
सीपी ने पुलिसकर्मियों की समस्याएं सामने आने पर हर हाल में एक पखवारे के अंदर उनके निस्तारण के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों को रहने की उत्तम व्यस्था होगी। उनके बच्चों व परिजनों की सुविधा के लिए पुलिस लाइन में चिल्ड्रेन पार्क, लाइब्रेरी, कैफेटेरिया और एटीएम की भी स्थापना कराई जाएगी। रेनोवेट कर सुसज्जित किए गए यातायात विभाग के आडिटोरियम में पुलिसकर्मियों के परिजनों को हर सप्ताह के एक मूवी दिखाई जाएगी। उन्होंने पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान सजगता व सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। ताकि अप्रिय घटनाएं न होने पाएं। सम्मेलन में संयुक्त पुलिस आयुक्त मुख्यालय व अपराध के एजिलरसन, अपर पुलिस आयुक्त कानून व व्यवस्था एस चन्नप्पा समेत अन्य राजपत्रित अधिकारी मौजूद रहे।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी प्रकार के देयकों का भुगतान समय से सुनिश्चित कराएं। सेवानिवृत्त होने वाले पुलिसकर्मियों के पेंशन संबंधी प्रपत्र पहले ही तैयार कर लिए जाएं। वरीयता के क्रम में आवासों का आवंटन किया जाए। जीर्ण-शीर्ण आवासीय भवनों का निरीक्षण कर उनकी मरम्मत कराई जाए।
