
वाराणसी।बनारस की बेटी श्वेता दास ने दुबई में आयोजित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता हॉट मांट मिसेज इण्डिया वर्ल्डवाइड में अपनी प्रतिभा के दम पर इंटरनेशनल जोनल विनर 2024 का खिताब जीतकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बनारस और भारत का नाम रोशन किया है।
दुबई के होटल अजमान में आयोजित इस भव्य प्रतियोगिता में भारत, यूएसए, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा,न्यूजीलैंड , डेनमार्क ,जर्मनी, यूरोप सहित अनेक देशों के 120 प्रतिभागियों को पछाड़कर श्वेता दास ने यह मुकाम हासिल किया है।
प्रतियोगिता जीतकर अपने गृह नगर वाराणसी पहुचने पर विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने एयरपोर्ट पर माला पहनाकर एवं बुके भेटकर श्वेता दास का भव्य स्वागत किया।अपने गृह नगर लौटने पर अत्यंत उत्साहित एवं प्रसन्न श्वेता दास ने अपनी इस सफलता का पूरा श्रेय माता पिता को देते हुये कहा कि काशीवासीयों का प्यार और आशीर्वाद ही मेरी सबसे बड़ी ताकत है। प्रतियोगिता के बारे मे उन्होने बताया कि तीन राउंड की इस प्रतियोगिता में रिजॉर्ट वियर राउंड, स्विम वियर राउंड, मॉकटेल राउंड के बाद ग्रैंड फिनाले में बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री टिस्का चोपड़ा ने तालियो की गड़गड़ाहट के बीच क्राउन पहनाकर इंटरनेशनल जोनल विनर 2024 का खिताब दिया। प्रतियोगिता में प्रसिद्ध कोरियोग्राफर एलेशन और फेमस फैशन डिजाइनर अंजलि साहनी के निर्देशन में प्रतिभागियों को तैयार किया गया।
उल्लेखनीय है कि बनारस में जन्मे श्वेता दास के पिता डॉ ए पी के दास एवं माता शबनम दास ने मॉडलिंग के क्षेत्र में बेटी के रुझान को देखते हुए हमेशा श्वेता दास का उत्साहवर्धन किया। श्वेता की माता शबनम दास मिसेज बनारस प्रतियोगिता में रनरअप रह चुकी हैं। श्वेता दास के पति गौरव एच सिंह बॉलीवुड के मशहूर म्यूजिक डायरेक्टर एवं फिल्म प्रोड्यूसर है ।मुंबई में इनकी योर एंटरटेनमेंट नाम से फिल्म प्रोडक्शन हाउस भी है जो फिल्में बनाने का काम करती है। बनारस में पली बढ़ी श्वेता दास वर्तमान में आयरलैंड में एक प्राइवेट कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में कार्यरत है।
