
श्री राम के चित्रों संग चौपाइयों से गंगा निर्मलीकरण का संदेश
गंगा-वरुणा नदी के संगम स्थल आदिकेशव घाट पर चला सफाई अभियान
वाराणसी। जल शक्ति मंत्रालय राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन नमामि गंगे के गंगा विचार मंच की ओर से गंगा निर्मलीकरण हेतु लगातर जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है। गंगा दशहरा तक 10 दिवसीय स्वच्छता अभियान के 9वें दिन शनिवार को गंगा और वरुणा नदी के संगम स्थल आदिकेशव घाट पर सफाई की गयी।संस्था के जिला संयोजक शिवम अग्रहरि के नेतृत्व में टीम के सदस्यों ने घाट किनारे बिखरी गंदगी को समेटा।पॉलीथिन, कपड़े आदि प्रदूषण कारक वस्तुओं को गंगा के आंचल से बाहर निकाला।हाथों में श्रीरामचरितमानस की चौपाई लिखी तख्तियों संग प्रभु श्री राम, निषादराज गुह और केवट आदि से जुड़ी प्रसंगो से गंगा निर्मलीकरण का संदेश दिया।राम की गंगा को मैली न करने की मार्मिक अपील की। कहा कि त्रेतायुग में मां गंगा प्रभु श्री राम के वनवास काल की साक्षी रही हैं। गंगातट पर हमारे आराध्य ने समाज के हर वर्ग को आपस में जोड़े रखने वाली नरलीलाएं की हैं। भगवान श्री हरि नारायण विष्णु के चरण कमलों से निकली मां गंगा को ब्रह्मा जी ने अपने कमंडल में धारण किया। देवाधिदेव महादेव के जटाओं में समाहित होकर धराधाम पर आने वाली मां गंगा आज कालिकाल में अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रहीं हैं।हमे अपनी मां गंगा की करुण पुकार को सुनना होगा। अभियान में प्रमुख रुप से जिला संयोजक शिवम अग्रहरि, रश्मि साहू, शिवांगी पांडेय, जय विश्वकर्मा, रतन साहू, सपना वर्मा, एवं मीरा फाउंडेशन से अजय कन्नौजिया, दीपशिखा ,विजय कुमार भी शामिल थे।
