
वाराणसी। कावड़ यात्रा के मद्देनजर नगर निगम सक्रिय है। किसी भी प्रकार की परेशानी कावरियो को न उठानी पड़े इसलिए वह यात्रा के दौरान मार्ग में पड़ने वाले अतिक्रमण को हटाने के लिए निरंतर कार्रवाई कर रही है। बीते दिनों महापौर, नगर आयुक्त एवं नगर निगम की टीम ने पंचकोश परिक्रमा के चौथे पड़ाव का निरीक्षण किया था। सड़क पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए अतिक्रमणकारियों को निर्देशित किया था। प्राचीन धर्मशालाओं पर कुछ तथाकथित लोगों द्वारा कब्जा कर किराएदार एवं व्यावसायिक गतिविधियों को संचालित किया जा रहा था, जिसे हटाने हेतु नगर निगम ने निर्देशित किया था, लेकिन काफी दिन बीत जाने के बावजूद जब लोगों ने स्वतः ही अतिक्रमण नहीं हटाया और धर्मशालाओं को नहीं छोड़ा तब शनिवार को सुबह नगर निगम की टीम प्रवर्तन दल समेत पहुंची और सड़क को अतिक्रमण कर बनाए गए शिवपुर थाना के सामने स्थित तीन दुकानों को जमीनदोज किया। धर्मशालाओं को कब्जा मुक्त कर ताला बंद कर उसे अपने कब्जे में ले लिया।
