
वाराणसी। राष्ट्रीय फैशन प्रोद्योगिकी संस्थान (निफ्ट) के बड़ा लालपुर स्थित संस्थान में शैक्षणिक सत्र 2024-25 के सत्रारम्भ के अवसर पर बुधवार को तीन दिनी ओरिएंटेशन कार्यक्रम के अंतर्गत निफ्ट एवं स्पिक मैके के संयुक्त तत्वाधान में सायं के सत्र में शास्त्रीय नृत्य कत्थक का आयोजन किया गया। जिसमें बनारस घराने के कलाकार विशाल कृष्ण ने प्राचीन भारतीय पारम्परिक नृत्य कत्थक की प्रसूति देकर नवागत छात्रों का मन मोह लिया। उन्होने कत्थक की शुरुआत गणेश वंदना गाइये गणपति जगबंदन एवं तीन ताल पर शुद्ध पारम्परिक नृत्य के साथ घोड़े की चाल बच्चों की गेंद खेलना एवं श्री कृष्ण के माखन चोरी पर आधारित बोल पर मनमोहक प्रस्तुति दी। उन्होने विद्यार्थियों को बताया कि भारत की पहचान पूरे विश्व में अपने प्राचीन संस्कृति एवं संगीत से है। सम्पूर्ण विश्व में भारतीय परिधान लोकप्रिय हो रहा है।
शास्त्रीय नृत्य कार्यक्रम में अनीश मिश्रा ने सारंगी, तबले पर उदय शंकर मिश्रा, हारमोनियम एवं गायन पर संतोष कुमार मिश्रा ने संगत किया। स्वागत परिसर के निदेशक एनएस बोरा संचालन मोहित किशोर वत्स ने किया। इस अवसर पर डॉ सुधा ढींगरा, डॉ पृथा हुसैन, प्रो. मार्टिन जे मैथ्यूज, डॉ विभावरी कुमार, डॉ सत्येंद्र मिश्रा, स्पिक मैके यूपी के चेयरपर्सन उमेश चंद्र सेठ, कोषाध्यक्ष डॉ शुभा सक्सेना, पवन सिंह सहित निफ्ट के सैकड़ो छात्र छात्राएँ एवं अभिभावक थे।
