
वाराणसी। काशी सांस्कृतिक महोत्सव की तैयारी के लिए स्पिक मैके की ओर से विभिन्न कंपोजिट विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए शास्त्रीय नृत्य की कार्यशाला आयोजित की जा रही है। जिसमें बच्चों को कथक नृत्य की बारीकियों को अभ्यास के द्वारा सिखाया जा रहा है। मंगलवार को कथक नृत्य प्रशिक्षण कार्यशाला मंगारी स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय में आयोजित की गई। जिसमें बनारस घराने के कथक नृत्य के कलाकार पं रूद्र शंकर मिश्र नें कथक की प्रारंभिक शब्दावली अराल उत्पत्ति एवं नमन हस्तक की भाव भंगिमाओं को प्रदर्शित करने का अभ्यास कराया। छात्राओं नें गुरु वंदना पर कथक नृत्य को सीखा और अभ्यास किया। अंत में पं रूद्र शंकर नें श्री राम भजन एवं स्व. गिरिजा देवी के दादरा दीवाना किये श्याम क्या जादू डाला पर नृत्य की प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया। स्वागत प्रधानाध्यापक राजेश सिंह, संचालन पवन सिंह और धन्यवाद ज्ञापन शालिनी सिंह नें दिया। अंत में कलाकार का सम्मान पिंडरा खंड शिक्षा अधिकारी देवी प्रसाद दुबे नें अंगवस्त्रम एवं तुलसी का पौधा देकर किया। इस अवसर पर संकुल प्रभारी जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव, अशोक मिश्रा, आनंद पाण्डेय सहित शिक्षक एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहें।
