हवाई हमले की चेतावनी पर बुझाई गईं बत्तियां, मॉकड्रिल में परखी गई तैयारी

नागरिक सुरक्षा, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ का संयुक्त अभ्यास

 

वाराणसी। युद्ध जैसी आपात परिस्थितियों में हवाई हमले की चेतावनी मिलने पर नागरिकों की सुरक्षा और राहत-बचाव की तैयारियों को परखने के लिए रविवार शाम बाबतपुर स्थित इंडियन ऑयल बॉटलिंग प्लांट में ब्लैक आउट मॉकड्रिल आयोजित की गई। प्रमुख सचिव, उत्तर प्रदेश शासन, नागरिक सुरक्षा के आदेश और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार के निर्देशन में शाम छह बजे हुए इस अभ्यास में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, बरेका, पुलिस, अग्निशमन विभाग, चिकित्सा विभाग और नागरिक सुरक्षा के जवानों ने हिस्सा लिया।

मॉकड्रिल में हवाई हमले की चेतावनी के लिए सायरन बजाया गया। इसके साथ ही निर्धारित क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद कर ब्लैक आउट किया गया। चेतावनी समाप्त होने के बाद राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया। नागरिक सुरक्षा के स्वयंसेवकों ने अग्निशमन यंत्र से छोटी आग बुझाने का प्रदर्शन किया, जबकि अग्निशमन विभाग ने फायर टेंडर के माध्यम से बड़ी आग पर काबू पाने का अभ्यास किया। इस दौरान सिलेंडर और तेल में लगी आग बुझाने के तरीके भी बताए गए। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों ने क्षतिग्रस्त इमारतों में फंसे लोगों को कटिंग कर सुरक्षित बाहर निकाला। बरेका की टीम ने ऊंची इमारत से रस्सी के सहारे घायलों को नीचे उतारा। चिकित्सा टीम ने घायलों को प्राथमिक उपचार दिया। गंभीर रूप से घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया।

इस दौरान डीसीपी सुरक्षा अनिल कुमार यादव, एडीसीपी गोमती जोन नृपेंद्र, एसडीएम पिंडरा कुंदन राज कपूर, बरेका के उप महाप्रबंधक नीरज कुमार गुप्ता और इंडियन ऑयल के मुख्य प्रबंधक सुभाष भाटी मौजूद रहे। अग्निशमन विभाग के दीपक कुमार सिंह, चिकित्सा विभाग के मनोज कुमार सिंह, एनडीआरएफ के राम भुवन और एसडीआरएफ के रविशंकर यादव अपनी टीमों के साथ शामिल हुए। बरेका के सीडीआई संपूर्णानंद मिश्रा, इंडियन ऑयल के सुरक्षा अधिकारी सौरभ कुमार और कलेक्ट्रेट प्रखंड के डिवीजनल वार्डेन संजय कुमार राय ने भी अपनी टीम के साथ प्रतिभाग किया। नागरिक सुरक्षा के उपनियंत्रक जेडी सिंह, डॉ. अंकुर चड्ढा, चीफ वार्डेन विनोद गुप्ता, डिप्टी चीफ वार्डेन अविनाश अग्रवाल, सहायक उपनियंत्रक इरफानुल होदा, विवेक कुमार, डिवीजनल वार्डेन वीवी सुंदर शास्त्री और कन्हैया लाल यादव समेत बड़ी संख्या में वार्डेन, स्वयंसेवक, इंडियन ऑयल के कर्मचारी और क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *