
वाराणसी। चल रहे मिशन शक्ति के समापन एवं ऑपरेशन दृष्टि शुभारम्भ के अवसर पर होलापुर, शिवपुर स्थित अतुलानंद रेजिडेंशियल एकेडमी पहुंचे कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस कमिश्नर अशोक मुथा जैन ने कहा कि हम और हमारी पुलिस नारियों की सुरक्षा हेतु कटिबद्ध एवं प्रतिबद्ध है। मिशन शक्ति कार्यक्रम के माध्यम से नारी सुरक्षा, नारी स्वावलंबन एवं नारी सम्मान के संदर्भ में जगह-जगह कार्यक्रम कर पुलिस द्वारा नारियों को जागरूक करने का सराहनीय कार्य किया गया है। उन्होंने कहा कि यदि स्कूल जाने वाली छात्रा, ऑफिस जाने वाली महिलाओं एवं घरेलू महिलाओं के साथ शोषण, उत्पीड़न या किसी भी प्रकार के अपराध होता है तो उनकी सुरक्षा हेतु कमिश्नरेट पुलिस सदैव तत्पर रहती है। सकारात्मक रूप से सामर्थ्यवान करना ही मिशन शक्ति का मुख्य उद्देश्य है। ऑपरेशन दृष्टि के तहत रेजिडेंशियल स्कूल के डायरेक्टर दिव्या सिंह एवं प्रधानाचार्य अविनाश पाण्डेय ने सीपी को 20 सीसीटीवी कैमरा क्षेत्र में लगवाने हेतु प्रदान किया। सीपी ने कहा कि सीसीटीवी कैमरा हमारे समाज का सजग प्रहरी एवं संतरी है। अभिभावक सभी जगह मौजूद नहीं रह सकते, अपराधियों को सलाखों के पीछे पहुंचाने में सीसीटीवी कैमरा का महत्वपूर्ण रोल है इसलिए सभी जगहों पर कैमरा लगाए जाना चाहिए। शुभारंभ पुलिस कमिश्नर अशोक मुथा जैन ने दीप प्रज्वलित कर किया। 
इस अवसर पर डीसीपी ममता रानी, एडीसीपी मनीष कुमार सांडिल्य, आईपीएस किरण यादव, एसीपी अतुल अंजान त्रिपाठी, थानाध्यक्ष शिवपुर वैद्यनाथ सिंह, सबइंस्पेक्टर सुनील गौंड, चाइल्ड वेलफेयर अध्यक्ष स्नेहा उपाध्याय, डीपीओ सुधाकर शरण, अतुलानन्द रेजिडेंशियल एकेडमी की डायरेक्टर दिव्या सिंह एवं प्रिंसिपल अविनाश पांडेय सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक व छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
