
वाराणसी। डीएवी पीजी कॉलेज के राष्ट्रीय सेवा योजना की छः इकाईयों द्वारा मेरी माटी मेरा देश कार्यक्रम के अंतर्गत एक दिवसीय विशेष शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्वयंसेवको ने सबसे पहले तिरंगा यात्रा निकाली फिर महाविद्यालय के खेल मैदान में पौधरोपण भी किया। इस अवसर पर उन्होंने भारत को आत्मनिर्भर बनाने की शपथ भी ली। स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए चीफ प्रॉक्टर डॉ. इंद्रजीत मिश्रा ने कहा कि भारत भूमि सिर्फ एक जमीन का अंश नही है बल्कि यह एक समृद्धशाली परम्परा है जिसमे सभी जाति वर्ग के लोग सहृदय साथ रहते है। उन्होंने कहा कि हमारी मिट्टी हमे यह अभिमान कराती है कि मातृभूमि से बढ़कर कोई नही है। अंत मे स्वंयसेवकों ने राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन किया।
संचालन कार्यक्रम अधिकारी डॉ. बंदना बालचंदनानी, स्वागत डॉ. कल्पना सिंह एवं धन्यवाद ज्ञापन डॉ. प्रतिभा मिश्रा ने दिया। संयोजन डॉ. नजमूल हसन, डॉ. प्रतिमा गुप्ता एवं डॉ. सिद्धार्थ सिंह ने किया। शिविर में बड़ी संख्या में स्वंयसेवक शामिल रहे।
