
वाराणसी। उदय प्रताप कॉलेज के छात्रों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है। सीएसआईआर-यूजीसी द्वारा आयोजित दिसंबर 2024 की राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (नेट) में गणितीय विज्ञान विषय में कॉलेज के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कॉलेज और जिले का नाम रोशन किया है।
कॉलेज के प्राचार्य प्रो डीके सिंह के अनुसार छात्र रोशन कुमार मौर्य ने ऑल इंडिया 9वीं रैंक प्राप्त कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। हाथीबाजार के बरनी गांव निवासी रोशन ने उदय प्रताप कॉलेज से वर्ष 2022 में बीएससी (गणित) और 2024 में एमएससी (गणित) की पढ़ाई पूरी की है। अपनी सफलता का श्रेय उन्होंने अपने माता-पिता के आशीर्वाद और कॉलेज के शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया है। रोशन ने कहा कि “लगन और निरंतरता ही सफलता की कुंजी है।”
गणित विभाग के अन्य छात्रों ने भी परीक्षा में बेहतरीन प्रदर्शन किया। आशुतोष मौर्या ने 70वीं, खुशबू पाल ने 126वीं और रोहित पाठक ने 132वीं रैंक प्राप्त कर कॉलेज की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाया है।
कॉलेज प्रशासन, गणित विभाग के प्राध्यापकगण और छात्र समुदाय ने इन विद्यार्थियों की सफलता पर गर्व व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दिया।
