
वाराणसी। पुण्यश्लोक लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी महानगर द्वारा महमूरगंज स्थित एक लान में नगर निगम सम्मेलन का आयोजन किया गया।जिसमें लोकमाता के द्वारा किए गए समाज सेवा के कार्यों के बारे में विस्तृत चर्चा की गई।
नगर निगम सम्मेलन की मुख्य अतिथि राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया किशोर रहाटकर थीं। 
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर का जीवन शौर्य, साधना, सेवा, समर्पण, संयम और सादगी का मिसाल था और भाजपा ऐसे दिव्य विभूतियों के आदर्शों और आचरण को आत्मसात कर निरंतर जनकल्याण के मार्ग पर अग्रसित है। अहिल्याबाई जिस परिवेश से आई थी उस कालखंड में अपना कद इतना बड़ा बना लेना कोई सामान्य बात नहीं थी। अंग्रेजों के फैलते साम्राज्यवाद और “बांटो और राज करो” की नीति के आगे बड़े-बड़े राजा धराशाई हो गए, उस कालखंड में समाज के आखिरी पायदान की एक सामान्य घर की बिटिया के संस्कारों से सम्मोहित हो मालवा के राजा ने उन्हें अपनी पुत्रवधू बनाया। उन्होंने कहा कि संपूर्ण देश के मंदिरों की पूजा व्यवस्था और उनके आर्थिक प्रबंधन पर भी उन्होंने विशेष ध्यान दिया। बद्रीनाथ से रामेश्वरम और द्वारिका से लेकर पुरी तक आक्रमणकारियों द्वारा क्षतिग्रस्त मंदिरों का पुनर्निर्माण, आक्रमण काल में खंडित तीर्थ यात्राओं में उनके प्रयासों से नवीन चेतना आई। इन वृहद कार्यों के कारण ही उन्हें पुण्यश्लोक की उपाधि मिली।
उन्होंने कहा कि रानी अहिल्याबाई ने जिस नीतियों के साथ जनता की सेवा की, अपने प्रजा के लिए कार्य किये उन्हीं नीतियों को अपनाकर हमारे देश में काम हो रहा है। माता अहिल्याबाई जी ने अपनी परंपरा और परिवर्तन को साथ करते हुए आज हम सभी के लिए प्रेरणा की स्रोत बन गई हैं। वह जितनी प्रासंगिक अपने समय में थी उतनी ही प्रासंगिक आज भी हैं।
उन्होंने कहा कि महारानी अहिल्याबाई जी को सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि उनके पदचिन्हों पर चलते हुए हम अपने देश को विकसित भारत बनाएं। अपने देश को आगे बढ़ाने के लिए हम सब कंधे से कंधा मिलाकर काम करें, हम अपनी महिलाओं को सुरक्षा दें, उन्हें नेतृत्व दें, उन्हें सम्मान दें, शिक्षा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी उन्हें आगे बढ़ाएं साथ ही देश के विकास की प्रगति का उन्हें हिस्सा बनाएं। हमारे देश के जीडीपी में भी महिलाओं का काफी महत्वपूर्ण योगदान है। महिलाओं को हम आत्मनिर्भर बनाएं। महारानी अहिल्याबाई ने इस देश के लिए, इस प्रदेश के लिए जो सपना देखा था, इस सपने को अखंडता के साथ देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी साकार कर रहे हैं।
इस अवसर पर माता अहिल्याबाई होल्कर त्रिशताब्दी समारोह के प्रदेश सहसंयोजक और भाजपा प्रदेश मंत्री शंकर गिरी ने कहा कि 300 साल पहले रानी अहिल्याबाई जी ने जिस महिला सशक्तिकरण को लेकर काम किया था, उसी काम को लेकर आज नरेंद्र मोदी जी आगे बढ़ा रहे हैं। स्वागत भाषण करते हुए महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरी किया।
समारोह संयोजक महापौर अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि भारत ने बहुत से आक्रांताओं का दंश झेला पर धरा पर जन्मी अहिल्याबाई देवी जैसे दिव्य विभूतियों ने उनका संहार किया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में मंचासीन अतिथियों द्वारा पुण्यश्लोक अहिल्याबाई होल्कर जी की तैल चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलंकर पुष्पांजलि अर्पित की गई।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने नगर निगम के पांच महिला सफाई मित्रों को स्मृति पत्र, सम्मान किट, शाल ओढ़ाकर माल्यार्पण कर उनका सम्मान किया। सम्मानित होने वाले सफाई मित्रों में रामप्यारी देवी, किरन देवी, गंगाजली, शकुंतला देवी तथा विमला देवी रहीं। समारोह में पाल समाज के कमलेश पाल ने मुख्य अतिथि को महारानी अहिल्याबाई होल्कर का चित्र भेंट किया।
समारोह का संचालन पूर्व पार्षद व महानगर महामंत्री जगदीश त्रिपाठी तथा धन्यवाद ज्ञापन नगर निगम में उपसभापति नरसिंह दास बाबा ने किया।
मुख्य रूप से भाजपा प्रदेश मंत्री शंकर गिरी व मीना चौबे, राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी, एमएलसी व जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, महापौर अशोक तिवारी, महिला आयोग सदस्य डॉ बबीता चौहान, पूर्व महापौर मृदुला जायसवाल, नगर निगम में उपसभापति नरसिंह दास, सुरेश चौरसिया, चन्द्रशेखर उपाध्याय, आत्मा विशेश्वर, साधना वेदांती, इंजीनियर अशोक यादव, एडवोकेट अशोक जाटव, डॉ गीता शास्त्री, कुसुम पटेल, मधुकर चित्रांश, नवीन कपूर, अशोक पटेल, राहुल सिंह, जगदीश त्रिपाठी, मीडिया प्रभारी किशोर सेठ, अशोक पांडेय, महेंद्र सिंह गौतम, शिवशंकर यादव, राजेश यादव, सुशील गुप्ता, सिद्धनाथ शर्मा, अमित जायसवाल, गरिमा सिंह, विनोद भारद्वाज, कनक लता मिश्रा, अजय प्रताप सिंह, जगन्नाथ ओझा, विवेक जायसवाल, विवेक कुशवाहा, नेहा कक्कड़, मंजू सिंह, रिचा सिंह, प्रीति पुरोहित, मोनिका गुप्ता नगर निगम के सभी पार्षद पूर्व पार्षद मंडल अध्यक्ष मंडल पदाधिकारी सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
