वाराणसी। उत्तर प्रदेश के स्टांप एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल ने जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) बंदिता श्रीवास्तव के साथ रविवार को बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण कर वहां की स्थिति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बाढ़ पीड़ितों से उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली तथा हर संभव सहयोग का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि बाढ़ की विभीषिका से उत्पन्न समस्याओं एवं संकट की इस घड़ी में सरकार बाढ़ पीड़ितों के साथ है। तत्पश्चात मंत्री रविंद्र जायसवाल ने जिला पंचायत अध्यक्ष एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के साथ सरस्वती विद्या मंदिर, चौकाघाट में बनाए गए राहत शिविर में बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री उपलब्ध कराई। राहत शिविर में मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देशित करते हुए मंत्री ने कहा कि शिविर में रह रहे लोगों को रहने, खाने-पीने की कोई समस्या कतई नहीं होनी चाहिए। शौचालय एवं स्वच्छता व्यवस्था के साथ ही शिविर में चिकित्सा व्यवस्था भी सुनिश्चित कराए जाने पर विशेष जोर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *