वाराणसी। प्रधानमंत्री एवं वाराणसी के सांसद नरेंद्र मोदी की प्रेरणा और मार्गदर्शन में सांसद खेलकूद प्रतियोगिता काशी-2025 का शुभारंभ 8 अक्टूबर 2025 से किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में खेलों के माध्यम से युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना और स्वास्थ्य एवं फिटनेस को बढ़ावा देना है।
प्रतियोगिता वाराणसी संसदीय क्षेत्र के तीन विकास खंडों—सेवापुरी, आराजी लाइंस और काशी विद्यापीठ—के कुल 330 ग्राम पंचायतों में ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित होगी। इसमें एथलेटिक्स की 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर, 800 मीटर, ऊँचाई कूद, लंबी कूद, रस्सी कूद और कुश्ती जैसे खेल शामिल हैं।
ग्राम पंचायत स्तर की प्रतियोगिताएं 8 और 9 अक्टूबर को आयोजित होंगी। इसके विजेताओं की प्रतियोगिता न्याय पंचायत स्तर पर 13 और 14 अक्टूबर को होगी। विकास खंड और विधानसभा स्तर की प्रतियोगिताएं 17 और 18 अक्टूबर को आयोजित होंगी, जबकि नगर क्षेत्र के सभी जोनों में यह प्रतियोगिता 13 और 14 अक्टूबर को होगी।
विकास खंड और ज़ोन स्तर के विजेता जिला स्तर पर 23 से 25 अक्टूबर तक अपना दमखम दिखाएंगे। महाविद्यालय और विश्वविद्यालय स्तर की प्रतियोगिताएं 17 और 18 अक्टूबर को अलग से आयोजित होंगी।
इस आयोजन में कुल 37 खेलों के लिए 2 लाख 95 हजार से अधिक प्रतिभागियों ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया है। प्रतियोगिताएं बालक-बालिका और पांच आयु वर्गों—11 वर्ष से कम, 11-14 वर्ष, 15-18 वर्ष, 19-40 वर्ष और 40 वर्ष से अधिक—में आयोजित की जाएंगी। प्रतियोगिता के आयोजक कहते हैं कि यह कार्यक्रम न केवल खेल प्रतिभाओं को निखारने में मदद करेगा, बल्कि समाज में खेल संस्कृति और स्वस्थ जीवनशैली को भी बढ़ावा देगा।
