
वाराणसी। मेधा द्वारा संचालित ‘स्वारम्भ कार्यक्रम फ्लैश जैम नामक कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। यह आयोजन छात्रों में नवाचार, उद्यमिता और फ्रीलांसिंग के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से किया गया था। डॉ. घनश्याम सिंह कॉलेज ऑफ एजुकेशन, गोसाईपुर के बी.ए., बी.एससी. और बी.सी.ए. पाठ्यक्रम के लगभग 50 छात्र-छात्राओं ने सक्रिय रूप से भाग लिया। इस अवसर पर छात्रों को उद्योग जगत से जोड़ने और उन्हें वास्तविक कार्य अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से दो प्रमुख संस्थानों का भ्रमण कराया गया। पहला भ्रमण बीएचयू इनक्यूबेटिक सेंटर में कराया गया। जहाँ छात्रों ने विभिन्न स्टार्टअप्स से जुड़े युवा फ्रीलांसरों और उद्यमियों से संवाद किया। इन स्टार्टअप संस्थापकों ने अपने अनुभव, कार्यशैली, चुनौतियाँ और सफलता की कहानियाँ छात्रों के साथ साझा कीं। इससे विद्यार्थियों को फ्रीलांसिंग और उद्यमिता के व्यावहारिक पहलुओं की समझ विकसित करने में मदद मिली। दूसरे चरण में छात्रों ने मीडिया फ्लीट ब्लू एजेंसी का भ्रमण किया, जो एक प्रतिष्ठित डिजिटल मार्केटिंग एजेंसी है। यहाँ एजेंसी की सह-संस्थापक तूलिका अरोड़ा और दिव्यांश राजपूत से छात्रों की प्रेरणादायक मुलाकात हुई। उन्होंने अपनी उद्यम यात्रा साझा करते हुए डिजिटल मार्केटिंग, SEO, विज्ञापन निर्माण, सोशल मीडिया ब्रांडिंग और डिज़ाइनिंग की बारीकियों पर विस्तार से चर्चा की।
इस पूरे कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने न केवल उद्योग विशेषज्ञों से सीधा संवाद किया बल्कि व्यावहारिक ज्ञान भी अर्जित किया, जो भविष्य में उनके करियर विकास में सहायक सिद्ध होगा। मेधा की ओर से जयंत सिंह (सीनियर मैनेजर), देव सिंह (करियर कनेक्शन मैनेजर), प्रांशु सक्सेना, अश्विनी देवी (स्टूडेंट रिलेशनशिप मैनेजर) एवं यश पाठक (एसोसिएट) उपस्थित रहे।
