
वाराणसी। समाजवादी पार्टी कार्यालय अर्दली बाजार में शनिवार को लोकनायक जयप्रकाश नारायण जी की जयंती के अवसर पर एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्वतंत्रता आंदोलन एवं समाजवादी आंदोलन में उनके योगदान पर चर्चा की गई।
विचार गोष्ठी को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़ ने कहा कि जयप्रकाश नारायण जी ने सम्पूर्ण क्रांति का नारा दिया था, जिसका अर्थ समाज के सभी दबे-कुचले वर्गों को सत्ता के शिखर तक पहुँचाना था। उन्होंने बताया कि सम्पूर्ण क्रांति में सात पहलू शामिल है। राजनैतिक, आर्थिक, सामाजिक, सांस्कृतिक, बौद्धिक, शैक्षणिक और आध्यात्मिक क्रांति। जिला प्रवक्ता संतोष यादव बबलू एडवोकेट ने कहा कि भ्रष्टाचार मिटाना, बेरोजगारी दूर करना और शिक्षा में सुधार जैसी समस्याओं का समाधान आज की व्यवस्था में संभव नहीं, इसलिए सम्पूर्ण परिवर्तन के लिए क्रांति आवश्यक है। इस अवसर पर अखिलेश यादव, बालकिशुन पटेल, डॉ. नन्दलाल कन्नौजिया, मनोज यादव गोलू,विजय टाटा, शिव प्रसाद गौतम सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता सुजीत यादव लक्कड़ और संचालन संतोष यादव बबलू एडवोकेट ने किया।
