
विद्यार्थियों के कौशल व व्यक्तित्व विकास के लिए नई पहल
वाराणसी। डॉ. घनश्याम सिंह कॉलेज ऑफ एजुकेशन, मोहाव गोसाईपुर ने विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क स्पोकन इंग्लिश कक्षाएँ शुरू करने की नई पहल की है। इस अवसर पर विद्यार्थियों के कौशल विकास एवं व्यक्तित्व निर्माण हेतु स्पोकन इंग्लिश और पर्सनैलिटी डेवलपमेंट क्लास का उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को अंग्रेज़ी भाषा में दक्ष बनाना और उनके संप्रेषण एवं कम्यूनिकेशन स्किल्स को सशक्त करना है।
कार्यक्रम की रूपरेखा अंग्रेज़ी विषय के प्राध्यापक संजीव कुमार ठाकुर ने प्रस्तुत की। उद्घाटन मुख्य अतिथि डॉ. संतोष सिंह, प्राचार्य राजकीय महाविद्यालय जक्खिनी एवं डीन एग्रीकल्चर, महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ, वाराणसी ने दीप प्रज्वलन कर किया। मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि आज के युग में अंग्रेज़ी भाषा का ज्ञान शिक्षा और करियर दोनों के लिए अत्यंत आवश्यक है। इस प्रकार की पहल युवाओं को आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनाने में सहायक सिद्ध होगी। अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के प्रशासक श्री संजीव सिंह ने कहा कि स्किल ओरिएंटेड कक्षाएँ छात्रों के करियर निर्माण में मील का पत्थर साबित होंगी। प्राचार्य डॉ. सुनील कुमार मिश्रा ने बताया कि यह कक्षाएँ सप्ताह में तीन दिन संचालित की जाएंगी, जिनमें अंग्रेज़ी बोलचाल, उच्चारण, शब्दावली और आत्मविश्वास बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
