13812 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा, खिलाड़ियों में दिखा उत्साह

 

वाराणसी। काशी सांसद खेलकूद प्रतियोगिता 2025 के अंतर्गत दो दिवसीय न्याय पंचायत स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ बुधवार को बड़े उत्साह के साथ हुआ। ग्रामीण क्षेत्र के तीन विकास खंड सेवापुरी, आराजीलाइन और काशी विद्यापीठ के 41 न्याय पंचायतों में खेल मुकाबलों की शुरुआत हुई। जिनमें कुल 13812 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिताओं में ग्राम पंचायत स्तर के विजेता खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। एथलेटिक्स (100, 200, 400, 800, 1500 और 3000 मीटर दौड़), गोला फेंक, ऊंची कूद, लंबी कूद के साथ-साथ पुशअप, रस्साकसी, कुश्ती, बैडमिंटन, खो-खो, कबड्डी और वॉलीबॉल जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। आज हुए मुकाबलों में काशी विद्यापीठ से 1570, सेवापुरी से 7328 और आराजीलाइन से 4914 प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिनमें क्रमशः 549, 780 और 692 खिलाड़ी विजेता घोषित किए गए। खेल मैदानों में खिलाड़ियों के जोश और दर्शकों की तालियों ने उत्सव का माहौल बना दिया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, विधायक डॉ. सुनील कुमार पटेल, हर्षवर्धन सिंह, शशि प्रकाश पर्व, विवेक सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। प्रतियोगिताओं को देखने के लिए लगभग 45 हजार दर्शक पहुंचे। विश्वविद्यालय स्तर की प्रतियोगिताएं भी 19 अक्टूबर तक जारी रहेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *