
वाराणसी। एआईएफएफ एलीट अंडर-18 फुटबॉल लीग के अंतर्गत शनिवार को बीएलडब्ल्यू खेल मैदान पर इंटर काशी फुटबॉल क्लब और जमशेदपुर फुटबॉल क्लब के बीच खेला गया मुकाबला 2-2 की बराबरी पर समाप्त हुआ। दोनों टीमों ने पूरे मैच में आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया और दर्शकों को रोमांचक मुकाबला देखने को मिला।
मैच के 20वें मिनट में इंटर काशी के खिलाड़ी के प्रयास में हुए आत्मघाती गोल से जमशेदपुर फुटबॉल क्लब ने बढ़त बना ली। दूसरे हाफ में इंटर काशी के यमन शेरान ने शानदार खेल दिखाते हुए 47वें और 65वें मिनट में दो गोल दागकर टीम को 2-1 की बढ़त दिला दी।
मैच के अतिरिक्त समय के 93वें मिनट में जमशेदपुर फुटबॉल क्लब के हीरा नागमा ने गोल कर स्कोर बराबर कर दिया। इंटर काशी के गोलकीपर हरजीत सिंह ने कई अहम बचाव करते हुए टीम को मजबूत बनाए रखा। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए यमन शेरान को मैन ऑफ द मैच चुना गया। इस दौरान डा.(मेजर) अरविन्द कुमार सिंह, अन्तर्राष्ट्रीय खिलाड़ी मुश्ताक अली आदि थे।
