
वाराणसी। जिले में रविवार को सभी शहरी एवं ग्रामीण प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को मुख्यमंत्री आरोग्य मेला आयोजित किया गया। इस अवसर पर दो हजार से अधिक लोगों को निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, दवाएं, विशेषज्ञ परामर्श एवं स्वास्थ्य संबंधी जानकारी उपलब्ध कराई गई। इसकी जानकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संदीप चौधरी ने दी ।
सीएमओ ने बताया कि मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के लोगों को एक ही स्थान पर समस्त प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। चार शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर नेत्र जांच शिविरों का भी आयोजन किया गया, जहां आंखों से संबंधित समस्याओं की जांच एवं परामर्श दिया गया।
डॉ चौधरी ने बताया कि मेले में सामान्य बीमारियों के उपचार के साथ-साथ आयुष्मान कार्ड बनवाने, परिवार नियोजन सेवाएं तथा विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की गई, ताकि आमजन को सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं का अधिकतम लाभ मिल सके।
मुख्यमंत्री आरोग्य मेला के नोडल अधिकारी/ अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ संजय राय ने बताया कि राष्ट्रीय अंधता निवारण कार्यक्रम के तहत निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन हेतू स्क्रीनिंग कैंप हेरिटेज मेडिकल कॉलेज, इंद्रा हॉस्पिटल, बिरला हॉस्पिटल सहित चार शहरी पीएचसी में लगाया गया। जिसमें कुल लगभग 250 लोगों की स्क्रीनिंग की गई जिसमें से कुल 67 मरीज निःशुल्क मोतियाबिंद के लिए चिन्हित किये गये, जिनको भर्ती कर उनका निःशुल्क ऑपरेशन किया जायेगा। इसके अलावा मेला में बुखार, सर्दी-खांसी, पेट दर्द, उच्च रक्तचाप, मधुमेह, लीवर एवं अन्य सामान्य बीमारियों की जांच व दवाएं , स्वच्छता, पोषण, टीकाकरण तथा डेंगू, मलेरिया, टीबी जैसी बीमारियों से बचाव संबंधी जानकारी के साथ-साथ गर्भवती महिलाओं के लिए परामर्श, परिवार नियोजन सुविधाएं जैसे ‘अंतरा’ और ‘छाया’ तथा नेत्र जांच तथा आयुष्मान कार्ड बनवाने और योजना से संबंधित जानकारी दी गयी।
