
वाराणसी। नागरिक सुरक्षा कलेक्ट्रेट प्रखंड की ओर से रविवार को बसहीं स्थित एक लान में सम्मान समारोह का आयोजन कर विशिष्ट व सराहनीय कार्य करने वाले 59 वार्डेन एवं स्वयंसेवकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आपदा प्रबंधन, जन-जागरूकता, कानून-व्यवस्था सहयोग तथा सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने वाले स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन करना रहा। समारोह के मुख्य अतिथि सहायक उप नियंत्रक विवेक कुमार ने वार्डेन एवं स्वयंसेवकों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि आपात परिस्थितियों में नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवक प्रशासन की रीढ़ होते हैं। उन्होंने एसआईआर से वंचित पात्र लोगों के लिए फार्म-6 भरवाने की प्रक्रिया की जानकारी देते हुए सभी से अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करने की अपील की। कार्यक्रम की अध्यक्षता डिवीजनल वार्डेन संजय कुमार राय ने की। उन्होंने आगामी प्रशिक्षण कार्यक्रमों में सभी वार्डेन एवं स्वयंसेवकों से अनिवार्य रूप से सहभागिता करने का आह्वान किया, ताकि आपदा एवं आपात स्थितियों से निपटने की क्षमता को और मजबूत किया जा सके। सम्मान समारोह में चयनित 59 वार्डेन एवं स्वयंसेवकों को प्रशस्ति पत्र देकर उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए बधाई दी गई। कार्यक्रम का संचालन डिप्टी डिवीजनल वार्डेन अरविंद विश्वकर्मा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन स्टाफ ऑफिसर अजय यादव ने प्रस्तुत किया। इस अवसर पर अंजनी कुमार सिंह, शैलेंद्र द्विवेदी ‘बब्बू महराज’, महेश्वर सिंह, दीपा सिंह, चंद्रकला, राजेश सिंह, अयन बोस, आरती शर्मा,ज्याऊद्दीन, मनीष कुमार, डा.आदित्य चतुर्वेदी, मनीष सोनी, राजेश कुमार सिंह,अनिल गुप्ता,विनय गुप्ता,मनीष गुप्ता महादेव सहित बड़ी संख्या में नागरिक सुरक्षा के वार्डेन एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे। समारोह का समापन नागरिक सुरक्षा के दायित्वों को और प्रभावी ढंग से निभाने के संकल्प के साथ हुआ।
