खेल डेस्क/नजर न्यूज नेटवर्क 

वाराणसी ।14 वर्षीय स्कूल फुटबॉल लीग का शुभारंभ मंगलवार को इंटर काशी फुटबॉल के तत्वावधान में क्रिम्सन वर्ल्ड स्कूल, खुशीपुर के खेल मैदान पर हुआ। उद्घाटन मुकाबले में डीपीएस ने संघर्षपूर्ण खेल का प्रदर्शन करते हुए क्रिम्सन वर्ल्ड स्कूल को 1–0 से पराजित किया। मैच का निर्णायक गोल डीपीएस के अंशुमन ने पहले हाफ के 35वें मिनट में फ्री किक के माध्यम से किया। दूसरे हाफ में क्रिम्सन वर्ल्ड स्कूल को दो पेनल्टी किक के अवसर मिले, लेकिन वे बराबरी हासिल करने में असफल रहे। अंशुमन को शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। पुरस्कार इंटर काशी फुटबॉल के दिनेश नेगी ने प्रदान किया। दूसरे मुकाबले में डालिम्स सनबीम स्कूल, चौबेपुर ने सनसिटी स्कूल पर पूरी तरह दबदबा बनाते हुए 9–1 से एकतरफा जीत दर्ज कर पूरे अंक अपने नाम किए। सनसिटी ने आठवें मिनट में आर्यन के गोल से बढ़त बनाई, लेकिन इसके बाद चौबेपुर की टीम ने आक्रामक खेल दिखाते हुए सूर्यांश के दो गोल और राजवीर, जंक्शन नाग, आर्यन कुमार, तनुष, सुयश व अंगद के एक-एक गोल से मुकाबला अपने पक्ष में कर लिया। शानदार प्रदर्शन के लिए राजवीर को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। उन्हें अंतरराष्ट्रीय फुटबॉलर एवं लक्ष्मण पुरस्कार से सम्मानित मुश्ताक अली ने पुरस्कार प्रदान किया। मुकाबले के दौरान विद्यालयों के शिक्षक एवं छात्र बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *