प्रथम दिवस विभिन्न प्रतियोगिताओं के परिणाम घोषित

 

वाराणसी। जनपद स्तरीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता एवं सांस्कृतिक समारोह 2025 का भव्य शुभारंभ शुक्रवार को बड़ा लालपुर स्टेडियम में हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ किया गया। इसके पश्चात गुब्बारों का गुच्छा हवा में छोड़कर प्रतियोगिता के शुभारंभ की औपचारिक घोषणा की गई। सभी विकास खंडों से आए खिलाड़ियों ने अनुशासित मार्च पास्ट कर अतिथियों को सलामी दी।

दो दिवसीय इस आयोजन में 19 व 20 दिसंबर 2025 को जनपद के समस्त विकास खंडों के प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालयों के बालक व बालिकाएं भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता के अंतर्गत एथलेटिक्स, बैडमिंटन, जिमनास्टिक, कबड्डी, पीटी व्यायाम प्रदर्शन के साथ-साथ राष्ट्रीय एकांकी, समूह गान, लोकगीत, लोक नृत्य एवं अंताक्षरी जैसी सांस्कृतिक विधाओं में प्रतिभागी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।

प्रथम दिवस 600 मीटर एथलेटिक्स दौड़ में बालिका वर्ग में श्रेया यादव (चोलापुर) प्रथम, सेजल यादव (हरहुआ) द्वितीय तथा स्वामी यादव (आराजी लाइन) तृतीय रहीं। बालक वर्ग में शिव प्रकाश पटेल (चिरईगांव) प्रथम एवं गोलू (सेवापुरी) द्वितीय रहे। जिमनास्टिक में पिंडरा प्रथम व आराजी लाइन द्वितीय रहा। पीटी स्पर्धा में चोलापुर प्रथम, पिंडरा द्वितीय तथा बड़ागांव एवं चिरईगांव संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहे। एकांकी एवं अंताक्षरी में पिंडरा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि लोकगीत एवं लोकनृत्य में हरहुआ प्रथम रहा।

कार्यक्रम में एडी बेसिक वाराणसी मंडल हेमंत राव, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनुराग श्रीवास्तव सहित समस्त खंड शिक्षा अधिकारी, विद्यालय प्रबंध समिति के पदाधिकारी, खेल अनुदेशक, प्रधानाध्यापक एवं शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *