वाराणसी। उप्र खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा आयोजित खादी ग्रामोद्योग प्रदर्शनी 2025-26 का शुभारंभ अर्बन हाट, चौकाघाट में किया गया। यह प्रदर्शनी 20 दिसंबर से 29 दिसंबर तक चलेगी। प्रदर्शनी का उद्घाटन जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पूनम मौर्या एवं नगर निगम महापौर श्री अशोक कुमार तिवारी ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम में खादी ग्रामोद्योग से जुड़े सेवानिवृत्त अधिकारी, विभिन्न जनपदों के जिला ग्रामोद्योग अधिकारी, उद्यमी, मीडिया प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे। उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथियों ने खादी एवं ग्रामोद्योग उत्पादों के उपयोग को बढ़ावा देने और स्थानीय कारीगरों को प्रोत्साहित करने की अपील की। प्रदर्शनी में खादी के वस्त्र, बनारसी साड़ी, कश्मीर के शाल, पंजाब की फुलकारी, सीतापुर की चादर, उत्तराखंड की सदरी, प्रतापगढ़ व वाराणसी के आचार-मुरब्बे, आंवले की बर्फी सहित विभिन्न राज्यों के आकर्षक उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं। कुल 113 स्टाल लगाए गए हैं, जिनमें 25 खादी तथा 88 ग्रामोद्योग के हैं। पहले ही दिन लगभग 18 लाख रुपये की बिक्री दर्ज की गई। प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण उद्यमियों को बाजार उपलब्ध कराना तथा उनके उत्पादों के विपणन को सशक्त बनाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *