वाराणसी। अपर जिलाधिकारी (प्रशासन)/निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचक नामावली विपिन कुमार ने जनपद के समस्त तहसील में अवस्थित समस्त विकास खण्डों की समस्त ग्राम पंचायतो के प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों के निर्वाचकगण को बताया है कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचक नामावली के आलेख्य का अनन्तिम प्रकाशन 23 दिसंबर, 2025 को किया जायेगा। आलेख्य के रूप में प्रकाशित अनन्तिम मतदाता सूची का निरीक्षण जनसामान्य द्वारा 24 से 30 दिसंबर तक किया जायेगा।
उन्होंने बताया कि उक्त कार्य हेतु नियुक्त कर्मचारी द्वारा निरीक्षण अवधि में ही दावा/आपत्तियों (01.01.2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले सभी निर्वाचको के भी स्वीकार किये जायेगें) प्रपत्र-2 (परिवर्धन/नाम सम्मिलित किये जाने हेतु), प्रपत्र-3 (संशोधन हेतु), प्रपत्र-4 (विलोपन/सम्मिलित नाम पर आपत्ति) प्राप्त की जायेंगी। मतदाता सूची के अनन्तिम आलेख्य के प्रकाशन के अन्तर्गत मतदाता सूची की एक-एक प्रति सम्बन्धित तहसील के उपजिलाधिकारी/सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय, विकास खण्ड कार्यालय एवं ग्राम पंचायत कार्यालय एवं अपर जिलाधिकारी (प्रशासन)/निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय में निर्धारित अवधि 24 से 30 दिसम्बर तक निशुल्क जनसामान्य के निरीक्षण हेतु उपलब्ध करायी जायेगी। प्राप्त दावा/आपत्तियों का निस्तारण 31 दिसंबर से 06 जनवरी तक सम्बन्धित उपजिलाधिकारी/सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के द्वारा किया जायेगा।
