
रिपोर्ट अनुपम भट्टाचार्य
चंदौली ।तहसील नौगढ़ क्षेत्र के कुंड हिमैया, झुमारियां, मरवेटिया एवं मझगाई गांवों में 25 दिसंबर को चैतन्य योग सेवा संस्था द्वारा ऊनी वस्त्र, कंबल एवं राशन सामग्री वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम क्षेत्र में निवास करने वाले जनजातीय एवं आदिवासी समुदाय के आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को ठंड के मौसम में राहत प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान संस्था के सदस्यों द्वारा जरूरतमंद महिला, पुरुष एवं बच्चों को कंबल, ऊनी वस्त्र एवं आवश्यक राशन सामग्री वितरित की गई। संस्था के प्रतिनिधियों ने बताया कि “नर सेवा ही नारायण सेवा” की भावना से प्रेरित होकर यह सेवा कार्य किया गया है, ताकि समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सहायता पहुँचाई जा सके। वितरण कार्यक्रम के साथ-साथ ग्रामीणों को नशामुक्त जीवन अपनाने तथा बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजकर शिक्षा से जोड़ने के लिए भी प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि चैतन्य योग सेवा संस्था केवल योग एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में ही नहीं, बल्कि सामाजिक सेवा के कार्यों में भी निरंतर सक्रिय भूमिका निभा रही है। भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्यक्रमों के माध्यम से जनजातीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सहयोग प्रदान किया जाता रहेगा। कार्यक्रम में स्थानीय ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा संस्था के इस मानवीय प्रयास की सराहना की।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से संस्था के सचिव योगाचार्य आशीष टंडन, डॉ. दिनेश सिंह आर्य, रोमानिया से आए रॉबर्ट एवं लिविउ, सहित दीपक, ऋषभ, शोभित, अवधेश, विवेक, स्वयं, देव, सुबोध, अपर्णा, वैभवी, सुनीता आदि सदस्य उपस्थित रहे।
