सीडीओ की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक

 

वाराणसी। कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति शासी निकाय की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित कार्यक्रमों की समीक्षा की गई।

प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पिण्डरा पर कार्यरत ब्लॉक एकाउंट मैनेजर अतुल कुमार गुप्ता का सड़क दुघर्टना में असामयिक निधन होने पर सीएमओ डॉ संदीप चौधरी के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों के द्वारा एकत्रित की गयी धनराशि कुल रूपये 11,20,000/- की सहायता राशि उनके पत्नी को उनके दोनों बच्चियों के नाम पोस्ट आफिस में जमा कराकर पासबुक दिया गया।इसके साथ ही सीडीओ के द्वारा दोनों बच्चियों को मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना का स्वीकृति प्रमाण- पत्र प्रदान किया गया। इसपर उनके परिवार जनों द्वारा विभाग का आभार व्यक्त किया गया।

बैठक में इस माह आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत चले अभियान में लाभार्थियों का आयुष्मान कार्ड कम बनाये जाने पर सीडीओ ने नाराजगी व्यक्त करते हुए प्रभारी चिकित्सा अधिकारी आराजीलाइन एवं पिंडरा को चेतावनी दी गयी। उन्होंने ने बताया कि अगले माह जिले में कैंसर स्क्रीनिंग अभियान का शुभारंभ किया जाएगा जिसकी तैयारियां पूर्ण कर ली जाए इसके साथ ही टीबी मुक्त अभियान के अंतर्गत स्क्रीनिंग बढ़ाए जाने पर विशेष बल देते हुए निर्देशित किया कि एक रणनीति बनाकर स्क्रीनिंग बढ़ाया जाय। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित कार्यक्रमों के आधार पर उत्तर प्रदेश स्वास्थ्य सूचकांक में तीसरा स्थान प्राप्त करने पर सराहना करते हुए सीडीओ ने सभी अधिकारियों को बेहतर कार्य निष्पादन हेतु प्रेरित किया। वहीं, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत कार्य कर रही मेडिकल टीमों को बर्थ डिफेक्ट के बच्चों को खोजने एवं उन्हें सबल काशी ऐप पर अपलोड करने का निर्देश दिया। सीडीओ ने निर्देशित किया कि चयनित सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ), एएनएम का समुचित उपयोग करते ग्राम स्वास्थ्य स्वच्छता एवं पोषण दिवस पर शत प्रतिशत गर्भवती महिलाओं एवं शिशुओं को ट्रैक कर उनको सेवाएं प्रदान की जाएं। उन्होंने गर्भवती महिलाओं और बच्चों के नियमित टीकाकरण में छूटे हुए परिवारों को पूर्ण टीकाकरण कराने का निर्देश दिया।चिकित्सा संस्थानों में घटित होने वाले जन्म एवं मृत्यु की घटनाओं को समयानुसार पंजीकृत किए जाने का निर्देश दिया।

बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संदीप चौधरी ने सभी संचालित कार्यक्रमों की उपलब्धियों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। इस अवसर पर राजकीय चिकित्सालयों के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक, एसीएमओ, डिप्टी सीएमओ, डीपीएम, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी सहित अन्य विभागीय अधिकारी एवं स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *