
विराट “कृपा महोत्सव” 4 जनवरी को धूमधाम से मनाया जायेगा
बाबा गंगाराम सेवा समिति, वाराणसी के तत्वावधान में झुंझुनूवाले विष्णुअवतारी बाबा गंगारामजी का विराट ‘कृपा महोत्सव’ रविवार 4 जनवरी 2026 को विभिन्न कार्यक्रमों के साथ आयोजित किया जाएगा. जिसमे देश के विभिन्न भागों से श्रद्धालु भक्तगण यहाँ पधारेंगें.
लक्सा रोड़ स्थित मारवारी युवक संघ में आयोजित इस कार्यक्रम में शाम को 4 बजे से विशाल भजन संध्या, बाबा की लीलाओं पर आधारित नृत्य नाटिका, अखंड ज्योत, छप्पन भोग एवं प्रसाद का आयोजन किया जायेगा. समिती द्वारा सभी धर्मानुरागी जनों को कार्यक्रम में आमंत्रित किया जा रहा है.
कोलकाता के सुप्रसिद्ध भजन गायक श्री संजय शर्मा अपनी टीम के साथ भजनों की प्रस्तुति देंगे. इसके अलावा लोकप्रिय भजन गायिका अनुश्री एवं नीरज कुमार भी बाबा गंगाराम के भजनों की अमृतवर्षा करेंगे.
कार्यक्रम में कोलकाता के विख्यात मिलन दास एंड पार्टी के 21 कलाकारों द्वारा बाबा गंगाराम की लीलाए एवं भक्त देवकीनंदन एवं माता गायत्री देवी के त्याग, तपस्या और भक्ति की जीवंत प्रस्तुति नृत्य नाटिका के माध्यम से की जायेगी.
उत्सव में बाबा गंगाराम जी के धाम श्री पंचदेव मंदिर झुंझुनू की प्रतिकृति का मनमोहक श्रृंगार पुष्पों से किया जायेगा, जिसमे बाबा गंगाराम सहित भगवान शंकर, हनुमानजी, देवी दुर्गा, महालक्ष्मी, भक्त शिरोमणि देवकीनंदन एवं शक्ति स्वरूपा माता गायत्री की प्रतिमाओं का बहुत अद्भुत श्रृंगार सजाया जाएगा.
समिति की ओर से महोत्सव की जोरदार तैयारियां की जा रही है. समिति के सभी सदस्यों और भक्तों में बहुत उत्साह देखने को मिल रहा है. समिती के श्री विजय केजरीवाल, जुगल पोद्दार, प्रदीप तुल्सयान, अनिल सरावगी, गोविन्द केजरीवाल, श्याम जिंदल, चंद्रशेखर अग्रवाल, संतोष पोद्दार, राजेश कुमार जिंदल, नवीन अग्रवाल, संजय जयसवाल अपने पूरे सहयोगियों के साथ कृपा महोत्सव को सफल बनाने के लिए तत्पर हैं.
ज्ञात हो कि राजस्थान के झुंझुनू नगर में विष्णु अवतारी बाबा गंगाराम का पावन धाम श्री पंचदेव मंदिर के नाम से विख्यात है. प्रतिवर्ष लाखों श्रद्धालु अपनी मनोकामना पूर्ति हेतु बाबा के धाम में जाते हैं एवं श्रद्धा सुमन अर्पित करते हैं. बाबा के अनगिनत चमत्कारों से इनकी महिमा स्वतः ही चारों ओर फैल रही है. जनकल्याण के लिए प्रगट हुए बाबा गंगाराम ने दिव्य स्वप्नादेश द्वारा अपने परम आराधक भक्त शिरोमणि देवकीनंदन को अलौकिक शक्तियां प्रदान की थी. भक्त देवकीनंदन एवं माता गायत्री देवी ने त्याग-तपस्या और भक्ति का इतिहास रचते हुए झुंझुनू में श्री पंचदेव मंदिर की स्थापना की थी. प्रतिवर्ष ज्येष्ठ शुक्ल दशमी (गंगा दशहरा) को मंदिर में मेले का आयोजन होता है. विश्व कल्याण हेतु प्रकट हुए बाबा गंगाराम की ज्योति आज देश विदेश के घर-घर में जग रही है.
समारोह में भजनों की पुस्तकें, फोटो, बाबा की धार्मिक पुस्तके एवं साहित्य वितरित किया जाएगा साथ ही बाबा के परम आराधक भक्त शिरोमणि देवकीनन्दन के महाप्रयाण के समय हुए चमत्कारों के छाया चित्र की प्रदर्शनी लगायी।
