वाराणसी। पिंडरा विधानसभा क्षेत्र के रामपुर बसनी गांव में लंबे समय से बंद पड़े रास्ते की समस्या को लेकर समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को गांव पहुंचा। जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़ एवं मछलीशहर की सांसद प्रिया सरोज ने ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी कठिनाइयों को जाना और प्रशासन से त्वरित समाधान की मांग की। प्रतिनिधिमंडल के पहुंचने के बाद एसीपी एवं तहसीलदार पिंडरा भी मौके पर पहुंचे और रास्ता शीघ्र बहाल करने का आश्वासन दिया। ग्रामीणों ने बताया कि सतीश राजभर अपने परिवार के साथ वर्षों से पुश्तैनी मकान में निवास करते हैं। उनके आवागमन का एकमात्र रास्ता सरकारी अस्पताल की बाउंड्री के किनारे से था, जो प्लाटिंग के कारण पिछले चार वर्षों से बंद था। रास्ता बंद होने से परिवार को रोजमर्रा के कार्यों में परेशानी का सामना करना पड़ा। हाल ही में परिवार की एक बुजुर्ग महिला के निधन के बाद अंतिम संस्कार में भी कठिनाई उत्पन्न हुई। इसकी सूचना मिलने पर जिलाध्यक्ष ने प्रशासन से संपर्क किया, जिसके बाद रास्ता खोलने की प्रक्रिया शुरू हुई। प्रतिनिधिमंडल में मनोज यादव, कमलेश पटेल, सिकंदर मिश्रा एवं डॉ. विनोद भास्कर गौड़ शामिल रहे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *