वाराणसी। जनपद के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संदीप चौधरी के सेवा निवृत्त होने पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से सम्मानपूर्वक विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अधिकारियों, चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ एवं विभागीय कर्मचारियों ने उनके दीर्घ, अनुकरणीय और प्रेरणादायी सेवाकाल को स्मरण करते हुए भावभीनी विदाई दी।

वक्ताओं ने कहा कि अपने कार्यकाल के दौरान डॉ. संदीप चौधरी ने अनुशासन, पारदर्शिता और मानवीय संवेदना के साथ कार्य करते हुए वाराणसी जैसे ऐतिहासिक एवं जनसंख्या की दृष्टि से संवेदनशील जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा प्रदान की। प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने, मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला, टीकाकरण कार्यक्रम तथा मातृ-शिशु स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।

संक्रामक रोगों के नियंत्रण, आपातकालीन स्वास्थ्य तैयारियों, स्वच्छता एवं जनजागरूकता अभियानों को भी उनके कार्यकाल में नई मजबूती मिली। अधिकारियों ने कहा कि उनकी कार्यशैली टीमवर्क, निर्णयों में स्पष्टता, कार्य के प्रति तत्परता और व्यवहार में विनम्रता की मिसाल रही। समारोह के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं सुखद सेवा निवृत्त जीवन की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *